चारपाई पर जल रहा बाढ़ पीड़ितों का चूल्हा
संवाद सूत्र शमसाबाद गंगा की बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने से ग्रामीणों को खाना बनाने में
संवाद सूत्र, शमसाबाद : गंगा की बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने से ग्रामीणों को खाना बनाने में भी परेशान हो रही है। आवागमन के लिए मात्र नाव का ही सहारा है। अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई भी राहत नहीं पहुंचाई गई। पानी भरे रहने से बीमारी भी फैलने लगी है।
कटरी क्षेत्र के गांव पैलानी में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है, जिससे लोगों ने सामान चारपाई तथा तखत पर रख दिया है। पानी चारों तरफ भरे होने से खाना बनाने के लिए चारपाई पर टीन का तख्ता रखकर उस पर चूल्हा रख लिया। चारों तरफ पानी भर जाने से लकड़ी की भी समस्या हो गई है। पीड़ित चावल बनाकर ही गुजारा कर रहे हैं। गुटैटी दक्षिण, अजीजाबाद, जटपुरा, समैचीपुर, भगवानपुर, नगला बसोला, कटरी तौफीक में भी पानी झोपड़ियों में घुस गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से पानी गांव में भरा हुआ है। निकलने के लिए रास्ता नहीं है। वह लोग पानी में घुसकर निकल रहे हैं। इससे खांसी, जुकाम व बुखार जैसी बीमारी भी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन स्वास्थ्य टीम नहीं आई। वह लोग झोलाछाप से उपचार करा रहे हैं। आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। चारों ओर का इलाका जलमग्न हो जाने से पशुओं के लिए चारे का भी संकट पैदा हो गया है।