कंटेनमेंट जोन में सिर्फ बांध दी बल्लियां
संवाद सहयोगी कायमगंज नगर के मोहल्ला पाठक नई कालोनी में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर
संवाद सहयोगी, कायमगंज : नगर के मोहल्ला पाठक नई कालोनी में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर नगर पालिका की ओर से बांस बल्ली लगाकर मानक से अधिक क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तो घोषित कर दिया, लेकिन संबंधित क्षेत्र के लोगों के लिए जरूरी सेवाओं के इंतजाम की कोई रूप रेखा तैयार नहीं की। जिससे इस क्षेत्र में लोगों का आवागमन धड़ल्ले से जारी रहा।
शनिवार को मोहल्ला पाठक नई कालोनी में कोरोना पॉजिटिव का प्रकाश में आने के बाद नगर पालिका ने संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर बांस बल्लियां लगवाकर इलाका सील कर दिया। बाशिदों के लिए आवश्यक वस्तुओं व सेवाओं की उपलब्धता का कोई इंतजाम नहीं किया। जिससे संबंधित क्षेत्र में कंटेनमेंट जैसा कुछ नजर नहीं आया। रविवार सुबह सात बजे इस क्षेत्र में सब कुछ सामान्य चल रहा था। लोग बेफिक्र होकर आ जा रहे थे। बंधी हुई बल्ली के अंदर दुकानें भी खुली थीं। बाइक व साइकिल सवार बल्ली को उचका कर आ जा रहे थे। करीब साढ़े सात बजे पुलिस पहुंची तो श्यामा गेट पर लगी बल्ली को व्यवस्थित कर वाहनों का आवागमन रोका गया। कंटेनमेंट क्षेत्र के निवासी मनोज गुप्ता, रामप्रकाश दुबे, स्वदेश दुबे, मुकेश गुप्ता आदि ने बताया कि आनन फानन में बल्लियां बांध दीं। यदि पूरे क्षेत्र को बंद करना ही है तो खाद्यान्न व अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उप जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए नगर पालिका को निर्देशित कर दिया गया है। वहां होम डिलीवरी की व्यवस्था लागू होगी।