धागे में सजीं मोती, चंदन व रुद्राक्ष की राखियां बनीं मनभावन
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : कलाई पर भारी-भरकम राखी का जमाना अब लद गया। रंग-बिरंगे धागो
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : कलाई पर भारी-भरकम राखी का जमाना अब लद गया। रंग-बिरंगे धागों में सजीं मोती, चंदन व रुद्राक्ष की राखियां बहनों के मन को भा रही हैं। भाई के प्रति अटूट प्रेम व आत्मीय रिश्ते को मजबूती से बांधे रखने वाले रक्षाबंधन पर्व के लिए राखी बाजार पूरी तरह गुलजार हो उठा।
शहर के नेहरू रोड, घुमना, रेलवे रोड, स्टेट बैंक गली, टाउनहाल रोड पर सजी राखी की दुकानों पर शुक्रवार को पूरे दिन बिक्री की छटा छायी रही। महिलाओं और बच्चों ने अपनी मनपसंद राखियां खरीदीं। धागे में गुथी हल्की राखियों का इस बार क्रेज और बढ़ा। धागे में जरी, नग, रुद्राक्ष, मोती के साथ ही गणेश आकृति, स्वास्तिक लगी राखियों की खूब बिक्री चढ़ी। 20 रुपये से 300 रुपये तक राखी बिक रहीं हैं। कई राखियों में चांदीवर्क भी लगा है। छोटे बच्चे कार्टून व घड़ी वाली राखी पसंद कर रहे हैं। डिजाइनर राखी की भी बिक्री हो रही है। फतेहगढ़ में चूड़ी वाली गली व मुख्य मार्ग पर राखी बाजार बिक्री से चहकता रहा। महिलाओं ने पूजन के लिए सूती धागे की राखियों की भी खरीद की।