विसर्जन यात्रा में खूब उड़ा अबीर-गुलाल
संवाद सूत्र, नवाबगंज : गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा में जयकारों के साथ अबीर गुलाल से होली खेली गई
संवाद सूत्र, नवाबगंज : गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा में जयकारों के साथ अबीर गुलाल से होली खेली गई। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवाओं के साथ साथ महिलाओं व युवतियों ने भी जमकर नृत्य किया।
कस्बे के हनुमान मंदिर में चल रहे गणेश महोत्सव के समापन पर शनिवार भोर सुबह से ही भक्ति गीत बजने लगे। भगवान गणेश की वैदिक मंत्रों के साथ पूजा अर्चना व आरती कर गजानन को रथ पर विराजमान किया गया। रथ के आगे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवाओं ने अबीर गुलाल की होली खेलकर जमकर जयकारे लगाए। ढोल नगाड़ों पर युवाओं के साथ साथ महिलाओं व युवतियों ने जमकर नृत्य किया। जगह जगह छतों से पुष्प वर्षा की गयी। यात्रा में प्रसाद भी वितरण किया गया। कस्बे के कमल मंदिर व चौराहा स्थित पंचवटी मंदिर में स्थापित भगवान गणेश की मूर्तियों की पूजा अर्चना कर रथों पर विराजमान किया गया। रथों पर धर्म ध्वजों से साथ तिरंगे भी लगाए गए। यात्रा को कस्बे के मुख्य मार्गों पर घुमाकर भू विसर्जन के लिए पांचाल घाट ले जाया गया। विसर्जन यात्रा में वाहनों व लोगों की भीड़ से कस्बा चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रही। कल्लू गुप्ता, अनुराग महाजन, विनीत भारद्वाज, कमल भारद्वाज, रामजी, संतोष गुप्ता, आदेश राठौर, विनोद गुप्ता, पंचम लाल, सुनील राठौर, प्रदीप कुमार आदि ने व्यवस्था में सहयोग किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रजनेश कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।