240 प्रजातियों के रोपण का बना वर्ल्ड रिकार्ड
वन विभाग ने प्रदेश में 240 प्रजातियों के पौधों का रोपण का पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है. यह प्रदेश के आठ जिलों में एक साथ व एक समय पर किया गया है.अयोध्या भी उन आठ जिलों में शामिल है.
अयोध्या: वन विभाग ने प्रदेश में 240 प्रजातियों के पौधों का रोपण का पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है। यह प्रदेश के आठ जिलों में एक साथ व एक समय पर किया गया है। अयोध्या भी उन आठ जिलों में शामिल है। प्रभागीय वनाधिकारी मनोज कुमार खरे ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के ब्रिटेन स्थित ऑफिस से प्रमाण पत्र की सॉफ्ट कापी मेल पर आ गई है। उनके अनुसार हम सभी के लिए गौरव का पल है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को वन विभाग ने प्रदेश के अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, सीतापुर, चित्रकूट व बांदा जिले के निर्धारित प्वाइंटों पर 240 प्रजातियों के दो हजार 880 पौधे रोपित किए थे। इन पौधों का रोपण एक घंटे की निर्धारित अवधि में सभी चयनित जिलों में एक साथ किया गया था, जिसका साक्ष्य लखनऊ में मौजूद गिनीज बुक के कंसलटेंट को भेजा गया।प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि सभी साक्ष्यों के परीक्षण के बाद गुरुवार को वन विभाग को रिकॉर्ड बनाने का प्रमाण पत्र जारी कर दिया। उनके अनुसार यह प्रमाण पत्र 240 प्रजातियों के पौधों को लगाने के लिए प्रदेश को पहली बार मिला है।