कई दिनों बाद गर्मी से मिली राहत, खिले किसानों के चेहरे
अयोध्या कई दिनों के बाद शुक्रवार को मौसम राहत भरा रहा। बीती रात से ही रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इस बारिश को धान की फसल के लिए मुफीद माना जा रहा है। शाम तक 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीते कई दिनों से लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा था।
अयोध्या : कई दिनों के बाद शुक्रवार को मौसम राहत भरा रहा। बीती रात से ही रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इस बारिश को धान की फसल के लिए मुफीद माना जा रहा है। शाम तक 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीते कई दिनों से लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा था।
गुरुवार को पारा करीब 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा था। वातावरण में खासी उमस भी बनी थी। बीती रात आई हल्की आंधी के बाद से ही मौसम ने करवट ले ली। घने बादलों ने डेरा डाल दिया और लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। बीती रात को अच्छी बारिश हुई, जबकि दिन भर रुक-रुक कर बरसात का सिलसिला जारी रहा। कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दे दी। शनिवार को भी मध्यम से घने स्तर के बादल छाए रहेंगे।
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय है। इसके साथ ही हवा की दिशा उत्तरी पूर्वी है, जो बारिश में सहायक सिद्ध हो रही है। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को भी मध्यम से घने स्तर के बादल छाए रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 77 फीसदी रही।