रामवल्लभाकुंज में बिखरेगी संस्कृति की इंद्रधनुषी छटा
देश-विदेश के 51 स्थलों पर प्रस्तावित भारतीय संस्कृति उत्सव- 2020 का आरंभ शनिवार को दिन में 11 बजे शीर्ष पीठ रामवल्लभाकुंज में होगा।
अयोध्या : देश-विदेश के 51 स्थलों पर प्रस्तावित भारतीय संस्कृति उत्सव- 2020 का आरंभ शनिवार को दिन में 11 बजे शीर्ष पीठ रामवल्लभाकुंज में होगा। रामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमारदास के संरक्षण में कार्यक्रम का पहला चरण अयोध्या के राम विषयक परिचर्चा के रूप में होगा। दोपहर एक बजे सम्मान एवं अभिनंदन समारोह संयोजित है। इस दौरान कला, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र की दो दर्जन विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। शाम चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के शिलान्यास के बाद राम के विचारों को जन जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय संस्कृति उत्सव का आरंभ किया जा रहा है। अयोध्या के बाद इसका आयोजन बनारस, चित्रकूट, मथुरा आदि स्थानों पर होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास के शिष्य महंत कमलनयनदास , जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य, रामवल्लभाकुंज के महंत रामशंकरदास , रामकथा के मर्मज्ञ प्रेमभूषण, प्रसिद्ध कवयित्री डॉ. मानसी द्विवेदी, प्रसिद्ध कवि यतींद्र मिश्र, मगध विश्वविद्यालय- बोधगया के कुलपति प्रो. राजेंद्रप्रसाद व अविवि के कुलपति रविशंकर सिंह व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के सहआयोजक रमेश मिश्र, हिमाबिदु नायक, शूलपाणि सिंह के संयोजन में तैयारी पूरी कर ली गई है।