स्पेशल ट्रेन से छत्तीसगढ़ रवाना हुए 1980 श्रमिक
श्रमिकों को सम्मानजनक रूप से उनके घर पहुंचाने के लिए मंगलवार को भी फैजाबाद जंक्शन से स्पेशल ट्रेन रवाना हुई.अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्त ने दिखाई हरी झंडी.
अयोध्या : श्रमिकों को सम्मानजनक रूप से उनके घर पहुंचाने के लिए मंगलवार को भी फैजाबाद जंक्शन से स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्त व वरिष्ठ भाजपा नेता शक्ति सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। विधायक ने कहाकि देश के निर्माण में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके सम्मान की रक्षा और रोजगार की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विधायक ने श्रमिकों को यात्रा की शुभकामनाएं दीं। छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई इस ट्रेन में 1980 श्रमिक सवार थे।
ईंट निर्माता समिति के प्रस्ताव पर प्रदेश सरकार की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। श्रमिक बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर तक जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर जिला प्रशासन ने प्रत्येक श्रमिक को भोजन उपलब्ध कराया। संगठन के प्रदेश महामंत्री अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भट्ठा श्रमिकों के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। देर शाम एक और ट्रेन छत्तीसगढ़ के लिए रवाना की जाएगी। ट्रेन को रवाना करने के लिए एसपी सिटी विजयपाल सिंह, एडीएम सिटी वैभव शर्मा, एसडीएम सदर आयुष चौधरी, सीओ सिटी अरविद चौरसिया सहित श्रम विभाग के अधिकारी व ईंट भट्ठा मालिकों में पंकज राय, संजय सावलानी, चंद्रभान मौर्या, सुरेश कुमार काली, योगेश केवलानी, जितेंद्र सिंह, जगदीश सिंह, मनोज गुप्ता, पीयूष केवलानी, श्याम मंध्यान, संजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।