अयोध्या: राम राज्य रथयात्रा का समापन आज, 13 फरवरी 2018 को शुरु हुई थी यात्रा
13 फरवरी 2018 को रथ यात्रा कारसेवकपुरम से रवाना हुई थी और 12 अपैल को यह रामेश्वरम से वापस लौटी है।
अयोध्या, जेएनएन। रामराज्य की स्थापना एवं रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर रामराज्य रथ यात्रा शुक्रवार को अपराह्न रामनगरी पहुंच चुकी है। भरतकुंड में रथ यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। जानकी भरत मिलाप मंदिर में रथ के साथ चल रहे संतो का जोरदार स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने रथ पर विराजमान राम लक्ष्मण सीता हनुमान के विग्रह स्वरूप का दर्शन पूजन किया। राम राज्याभिषेक एवं धर्मसभा के साथ यात्रा का आज (शनिवार को) समापन होगा। बता दें, 13 फरवरी 2018 को रथ यात्रा कारसेवकपुरम से रवाना हुई थी और शुक्रवार को यह रामेश्वरम से वापस लौटी है।
श्रीराम राज्याभिषेक व विराट धर्म सभा शनिवार को कारसेवक पुरम में होगी। विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा के अनुसार, तीन बजे कारसेवकपुरम में राम राज्याभिषेक एवं धर्मसभा के साथ यात्रा का समापन होगा। धर्मसभा की अध्यक्षता महंत नृत्यगोपालदास करेंगे। विशिष्ट अतिथि विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय होंगे।
हवन पूजन और भंडारे का काम जोरों पर
रथ यात्रा में शामिल संतों के साथ भरत कुंड मंदिरों के संत महंतों का हवन पूजन और भंडारे का काम शुरू हो गया है। महंत नृत्यगोपाल दास की उपस्थिति में धर्मसभा होगी। विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष चंपत राय भी मौजूद रहेंगे।
भव्य स्वागत
यात्रा का प्रथम स्वागत भगवान राम के अनुज भरत की तपस्थली नंदीग्राम में दशरथमहल पीठाधीश्वर बिंदुगाद्याचार्य महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य के कृपापात्र संत रामभूषणदास कृपालु की अध्यक्षता में किया गया। स्वागत करने वालों में डॉ. रमेंद्र द्विवेदी, डॉ. सीबी सिंह, रमाकांत द्विवेदी, कपिलदेव दुबे, विनय पांडेय, शिवनारायण पांडेय, डॉ. आनंद आदि रहे। रिकाबगंज चौराहा पर विधायक वेदप्रकाश गुप्त के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में मुस्लिम मंच के डॉ. अनिल सिंह शामिल रहे।
विहिप ने निकाली शोभायात्रा
विहिप जिलाध्यक्ष कौशिक प्रामाणिक एवं महासचिव धीरेश्वर वर्मा के नेतृत्व में राम जन्मोत्सव की पूर्व बेला पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में विहिप कार्यकर्ता एवं रामभक्त शामिल हुए।