लेखपाल करेंगे धान के रकबे का सत्यापन
कुमारगंज (फैजाबाद) : क्रय केंद्रों पर बिचौलिए धान न बेंच सके, इसके लिए सरकार ने धान क्रय
कुमारगंज (फैजाबाद) : क्रय केंद्रों पर बिचौलिए धान न बेंच सके, इसके लिए सरकार ने धान क्रय केंद्र के नियमों में बदलाव किया है। इस बार धान के रकबे को लेखपाल सत्यापित करेंगे। उसके बाद ही किसान अपनी उपज बेंच सकेंगे। धान व गेहूं सरकारी तौल केंद्र पर बेचने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है, जिसमें बैंक पासबुक, खतौनी, गाटा संख्या आदि का विवरण अंकित किया जाता है। उसकी एक कापी विपणन अधिकारी के यहां देना होता है, उसके बाद खरीदारी की जाती है। इस बार यह सब करने के बाद राजस्व लेखपाल जांच करेंगे कि आवेदक ने जितना धान बेचने की खतौनी लगाई, क्या उतने रकबे में फसल को बोया गया था? इसकी तहकीकात के उपरांत लेखपाल अपनी जांच रिपोर्ट कंप्यूटर पर दर्ज कराएंगे, जिसके बाद आवेदक दोबारा से किसी भी जनसेवा केंद्र से दूसरी प्रति निकालते हुए उसे संबंधित तौल केंद्र पर जमा करेगा। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने पर कास्तकार अपने धान को बेंच पाएंगे। विपणन निरीक्षक अमानीगंज शिखा पांडेय ने बताया कि ऐसा करने से किसानों को फायदा होगा। बिचौलिए किसी भी कीमत पर सरकारी केंद्र पर धान नहीं बेंच पाएंगे।