घोड़े में मिला ग्लैंडर्स वायरस, दी गई मौत
फैजाबाद : तारुन थाना क्षेत्र के एक घोड़े में ग्लैंडर्स नामक खतरनाक वायरस की पुष्टि हुई है
फैजाबाद : तारुन थाना क्षेत्र के एक घोड़े में ग्लैंडर्स नामक खतरनाक वायरस की पुष्टि हुई है। वायरस की पुष्टि होने के बाद बुधवार को घोड़े को मौत दे दी गई। राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र हिसार से पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद यह कदम उठाया गया, जिससे इस बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
गौरतलब है कि हर माह 20 घोड़ों के रक्त का नमूना जांच के लिए अश्व अनुसंधान केंद्र को भेजा जाता है। इसमें तारुन थाना क्षेत्र के एक घोड़े में ग्लैंडर्स नामक वायरस की पुष्टि हुई। पहले यह घोड़ा महबूबगंज में कार्यरत था, लेकिन काम बंद होने के बाद यह वापस अपने तारुन के नारायणपुर निवासी अपने स्वामी के पास वापस लौट आया था। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद पशु चिकित्सा विभाग ने इस घोड़े को मौत दे दी। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षण में घोड़े में ग्लैंडर्स की पुष्टि हुई थी। इसीलिए उसे मौत दे दी गई।
----------------------
बेहद खतरनाक होता है ग्लैंडर्स
-ग्लैंडर जीवाणु जनित रोग है। अहम बात यह है कि इस वायरस के घोड़े से मनुष्यों में फैलने का खतरा होता है। इसका वायरस होने पर घोड़ों में त्वचा, नाक से पानी बहने, गांठों में इंफेक्शन होने आदि की समस्या हो जाती। धीरे-धीरे घोड़े की मौत भी हो जाती है, जबकि मनुष्यों के संपर्क में आने पर यह वायरस घोड़ों से मानव के शरीर में पहुंच जाता है।