फर्जी रसीद के जरिये हो रही थी वाहनों से वसूली
नगर आयुक्त विशाल सिंह ने छापेमारी कर पकड़ी अनियमितता रसीदें जब्त
अयोध्या : भ्रष्टाचार के खिलाफ नगर आयुक्त विशाल सिंह का ऑपरेशन क्लीन जारी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त ने फर्जी रसीद से हो रही वाहन शुल्क वसूली का भंडाफोड़ किया। गोपनीय शिकायत पर अचानक पहुंचे नगर आयुक्त को मौके पर कोई कर्मी नहीं मिला, लेकिन भारी मात्रा में फर्जी रसीदें प्राप्त हुई। बरामद रसीदों को जब्त कर लिया गया है। विशाल सिंह ने ठेकेदार सहित अनियमितता में लिप्त लोगों पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। टैक्सी चालकों की ओर से भी लगातार अवैध वसूली की शिकायत की जा रही थी। नगर आयुक्त की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाले अधिकारी व कर्मी सकते में हैं।
अनियमितता का यह खेल नवीन मंडी से कुछ दूर नगर निगम क्षेत्र के बाहर संचालित हो रहा था। अवैध वसूली की शिकायत की पड़ताल करने नगर आयुक्त अकेले ही मौके पर पहुंच गए। नगर आयुक्त ने पाया कि वसूली नगर निगम क्षेत्र के बाहर हो रही थी। रसीद पर कर अधीक्षक के हस्ताक्षर नहीं थे और न ही रसीद नगर निगम की ओर से जारी की गई थी। रसीद को नगर आयुक्त ने कब्जे में लिया। कोतवाली पुलिस को मौके पर बुला कर नगर आयुक्त ने कार्रवाई का निर्देश दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि अवैध रूप से टोकन वसूली का यह खेल काफी लंबे समय से चल रहा था। नगर आयुक्त ने कहाकि भ्रष्टाचार में जो लोग भी शामिल हैं उन पर कार्रवाई का निर्देश दे दिया गया है। कर अनुभाग से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। रसीद पर ठेकेदार रणधीर सिंह का नाम अंकित हैं। इस मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
.........
छापेमारी की पहले लग गई थी भनक
नगर आयुक्त छापा मारने जा रहे हैं। इसकी सूचना अवैध वसूली करने वालों को पहले से ही प्राप्त हो गई थी। इसलिए वह जब मौके पर पहुंचे तो वहां वसूली करने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। नगर आयुक्त भी इसे महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम में भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वालों पर भी नकेल कसी जाएगी।