बीडीसी के पति को बंधक बनाकर किया प्रताड़ित
चुनाव नतीजा आते ही ब्लॉक प्रमुख बनने के लिए शुरू जोर जबरदस्ती. पूराकलंदर थाना में सामने आया मामला।
मसौधा (अयोध्या): त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का नतीजा आने के बाद अब प्रमुख पद के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर दबाव बनाने का खेल शुरू हो चुका है। एक महिला बीडीसी के पति का अपहरण कर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। अपहरण का आरोप विकासखंड पूराबाजार की एक अन्य महिला बीडीसी ज्योति सिंह के पति विनोद सिंह पर लगाया गया। घटना पूराकलंदर थाना क्षेत्र की है। भुक्तभोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना क्षेत्र के पुरखेपुर निवासी विजय नाथ विश्वकर्मा की पत्नी सुशीला क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई है। विजयनाथ की पुरखेपुर चौराहे पर लकड़ी की दुकान है। उनका आरोप है कि बुधवार की रात महाराजगंज थाना के राजेपुर निवासी विनोद सिंह अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और विजयनाथ विश्वकर्मा को असलहे के बल पर बंधक बनाकर अपने साथ जबरदस्ती उठा ले गए। अज्ञात स्थान पर ले जाकर उन्हें मारपीटा गया। आरोपियों ने कुछ देर तक अज्ञात स्थान पर रखकर काफी प्रताड़ित भी किया। इसके बाद देररात महेशपुर के पास लाकर छोड़ दिया। विजयनाथ का कहना है कि विनोद सिंह अपनी बीडीसी पत्नी ज्योति सिंह को ब्लॉक प्रमुख बनाना चाहते हैं, जिसके लिए अपने पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे हैं। इसीलिए अपहरण करके मारापीटा गया। आरोपी ने धमकी दी है कि उनके पक्ष में वोट न दिया तो जान से मार देंगे। विनोद सिंह पर पहले भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू है। चुनाव नतीजा आते ही ब्लॉक प्रमुख बनने के लिए शुरू जोर जबरदस्ती. पूराकलंदर थाना में सामने आया मामला।