फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर यौन शोषण में शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड का सदस्य गिरफ्तार
सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य जिया पर फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर यौन शोषण का आरोप है। अशफाक हुसैन जिया को आज गिरफ्तार किया गया है।
फैजाबाद (जेएनएन)। मी टू के विवाद के बीच फिल्मी कलाकार का उत्पीडऩ अभी भी जारी है। फैजाबाद में फिल्म जिला फैजाबाद की कलाकार के साथ दुष्कर्म के आरोप में सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य अशफाक हुसैन जिया को आज गिरफ्तार किया गया है। सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य अशफाक हुसैन जिया पर फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर यौन शोषण का आरोप है। महिला कलाकार ने अशफाक हुसैन जिया पर उसको जबरदस्ती शराब पिलाने का आरोप लगाया है।
सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड के सदस्य अशफाक हुसैन जिया पर महिला ने दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता लखनऊ की रहने वाली है। शहर में इन दिनों चल रही फिल्म 'जिला फैजाबाद' में आरोपी अशफाक कलाकार व सहयोगी की भूमिका में है। महिला का आरोप है फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर अशफाक ने उन्हें लखनऊ से बुलाया और रिकाबगंज स्थित एक होटल में जबरदस्ती शराब पिलाकर दुष्कर्म की कोशिश की। महिला के एक सहयोगी ने होटल पहुंचकर उसकी इज्जत बचाई। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी भी कर ली है। आरोपी अशफाक हुसैन जिया सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड सदस्य के साथ ही मकबरा बहू बेगम का मुतवल्ली भी है।
पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता का कहना है कि उन्हें बचाने वाला युवक फिल्म में कलाकार हैं। दशहरे के दिन वह फिल्म की शूटिंग देखने आई थी। यहीं उसकी पहचान अशफाक से हुई थी। पीड़िता का कहना है कि सोमवार की अपराह्न अशफाक ने उसे फोन किया और फिल्म में अभिनेत्री की सहेली का रोल देने के बहाने बुलाया। अशफाक की बात पर यकीन कर पीड़िता देरशाम लखनऊ से फैजाबाद पहुंची। बस स्टेशन पर उतर कर उसने अशफाक को फोन किया। विवाहिता को लेने के लिए आरोपी ने चालक विक्की को बस स्टेशन भेजा।
विक्की के साथ महिला होटल पहुंची। कुछ देर बाद अशफाक भी होटल के रूप में पहुंचा। अशफाक ने महिला से कहाकि वह देर से पहुंची है और रोल खत्म हो चुका है। महिला ने फिल्म के डायरेक्टर से बात कराने के लिए अशफाक से कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अशफाक ने महिला को जबर्दस्ती शराब पिलाई और अश्लील हरकत करने लगा। अपनी इज्जत बचाने के लिए महिला ने फिल्म में काम कर रहे अपने सहयोगी को फोन से सूचना दी। महिला के करीबी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और खुद भी होटल पहुंच गया। होटल का दरवाजा बंद होने के कारण महिला के करीबी ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में महिला अर्धनग्न थी तथा आरोपी भी वहीं था। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नगर कोतवाल अमर सिंह का कहना है मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।