मंदिर निर्माण के लिए सूर्यदेव का अनुष्ठान
अयोध्या : रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए सूर्यदेव को प्रसन्न किया गया। भाद्र शुक्ल पक्ष के बड़
अयोध्या : रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए सूर्यदेव को प्रसन्न किया गया। भाद्र शुक्ल पक्ष के बड़ा रविवार के योग में सूर्यकुंड पर भगवान भास्कर की प्रसन्नता के लिए आदित्य ह्रदय स्तोत्र का 1296 पाठ किया गया। पाठ में 12 आचार्य शामिल हुए और प्रत्येक आचार्य ने स्तोत्र का 108 पाठ किया। अनुष्ठान रघुवंश संकल्प सेवा ट्रस्ट के संयोजन में संपादित हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष संत दिलीपदास ने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार इस स्तोत्र का आश्रय ले भगवान राम ने लंका पर विजय प्राप्त किया था, उसी प्रकार हम राम भक्त इस स्तोत्र के अनुष्ठान से रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण में कामयाब होंगे। उन्होंने कहा, मंदिर निर्माण का भविष्य आज जिस दौर में है, उसके लिए दैवी कृपा अपरिहार्य है। अनुष्ठान में एक दर्जन आचार्यों सहित निर्वाणी अनी अखाड़ा के राष्ट्रीय महासचिव महंत गौरीशंकरदास, रामवैदेही मंदिर के महंत रामप्रकाशदास, आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांतदास के अलावा बड़ी संख्या में संत एवं श्रद्धालु शामिल हुए। गौरतलब है कि दिलीपदास के ही संयोजन में इसी वर्ष के पूर्वार्द्ध में मंदिर निर्माण के लिए सवा करोड़ पार्थिव रुद्राभिषेक भी किया जा चुका है।