लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर तेज हुई कार्रवाई
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर तेज हुई कार्रवाईकोरोना)) लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर तेज हुई
अयोध्या: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शारीरिक दूरी आवश्यक है। लॉकडाउन इसी लिए किया गया। जागरूक इंसान लॉकडाउन की अहमियत समझ रहे हैं। इसलिए वह घरों में हैं, लेकिन कुछ लोग अभी भी लॉकडाउन का उल्लंघन कर अपने साथ-साथ अपनों की जान के लिए भी खतरा बन रहे हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए पुलिस की ओर से सख्ती बढ़ा दी गई है।
जिले में सोमवार तक 131 लोगों पर मुकदमा हो चुका है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का आंकड़ा देखा जाए तो जनता की नासमझी साफ दिखाई पड़ती है। अब तक 131 व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। 626 वाहनों का चालान किया गया है, जबकि 402 वाहन सीज किए जा चुके हैं। मंगलवार को डीएम अनुज झा और एसएसपी आशीष तिवारी ने भ्रमण कर शहर में लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने माना कि लोगों का सहयोग मिल रहा है, लेकिन कुछ लोग नासमझी कर रहे हैं। मंगलवार से पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों को सहूलियत दी थी। प्रशासन को सोचना था कि लोग लॉकडाउन को गंभीरता से लेते हुए शारीरिक दूरी बना कर रहेंगे, लेकिन कुछ नासमझ लोगों की हरकत से जरूरतमंद लोगों को भी मुश्किल में डाल दिया है।
मंगलवार को पुलिस की सख्ती के कारण लोगों आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करने मुश्किल से जा सके, जबकि तफरी करने वाले गली व मुहल्लों में घूमते दिखे। शहर के दिल्ली दरवाजा, राठहवेली, धारा रोड, खुर्दमहल, पुरानी सब्जी मंडी, कसाबबाड़ा, पुरानी मछली मंडी, नाका आदि इलाकों में कुछ लोग मार्ग पर हुजूम लगाकर बैठे मिले।