अब हत्या के प्रयास में फंसे जिया खान
फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर दुष्कर्म की कोशिश के आरोप से घिरे शहर के राठहवेली निवासी जिया खान फिर मुश्किल में फंस गए हैं। दुष्कर्म पीड़िता ने अब उनपर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।
अयोध्या : फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर दुष्कर्म की कोशिश के आरोप से घिरे शहर के राठहवेली निवासी जिया खान फिर मुश्किल में फंस गए हैं। पुलिस ने जिया खान व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लखनऊ की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि फिल्म में रोल दिलाने के नाम पर गत 29 अक्टूबर को जिया खान ने एक होटल में दुष्कर्म का प्रयास किया। इसका मुकदमा कोतवाली नगर में दर्ज है। इस मामले में जिया खान को जेल भी जाना पड़ा था। इन दिनों जमानत पर हैं।
महिला का आरोप है कि गत 11 दिसंबर को वह मुकदमे की पैरवी के लिए फैजाबाद कचहरी आई थी, जहां कुछ संदिग्ध युवक उनका पीछा कर रहे थे। महिला का पति मददगार के साथ कचहरी पहुंच गया। महिला का आरोप है कि वह अपने पति व मददगारों के साथ पैदल बस स्टेशन जा रही थी, तभी रास्ते में एक कार ने उसके पति व मददगार युवक को टक्कर मार दी। कार में वही संदिग्ध सवार थे, जो कचहरी में महिला का पीछा कर रहे थे। महिला का कहना है कि कार सवार लोगों ने जिया खान के खिलाफ पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी दी है। घायलों का इलाज कराने के उपरांत सोमवार को महिला ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल विनोदबाबू मिश्र ने बताया कि जिया खान व अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।