दुष्कर्म कर किशोरी का वायरल किया वीडियो
मवई थाना के बहांपुर गांव का मामला
अयोध्या : खेत में शौच को गई एक किशोरी के साथ गांव के एक युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद असलहे के दम पर उसका अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना 11 सितंबर की बताई जा रही है। मवई थाना क्षेत्र के बहापुर गांव की एक किशोरी शाम को घर से शौच को निकली थी। पहले से ही खेत में मौजूद आरोपी युवक ने किशोरी को गन्ने के खेत में घसीट लिया। किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और फिर असलहे के दम पर किशोरी की अश्लील वीडियो बनाई। आरोपी ने किशोरी को शिकायत करने पर जान से मार डालने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। किशोरी ने माता-पिता से पूरी बात बताई। इससे नाराज होकर आरोपी युवक ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर किशोरी का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक आरके राना ने बताया कि आरोपी युवक हरिकेश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।