विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बसपा प्रत्याशी बज्मी को हिरासत में जेल भेजा

By Nawal MishraEdited By:
Published: Tue, 07 Mar 2017 07:03 PM (IST)Updated: Tue, 07 Mar 2017 07:20 PM (IST)

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बसपा प्रत्याशी बज्मी सिद्दीकी ने फैजाबाद कैंट थाने में सरेंडर कर दिया। न्यायालय ने उन्हें14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बसपा प्रत्याशी बज्मी को हिरासत में जेल भेजा
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बसपा प्रत्याशी बज्मी को हिरासत में जेल भेजा

फैजाबाद (जेएनएन)। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे बसपा प्रत्याशी बज्मी सिद्दीकी ने दोपहर कैंट थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से बज्मी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आठवां आरोपी रईस उर्फ बोतल अभी भी फरार चल रहा है। जेल जाने से पहले बज्मी ने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेनादेना नहीं है। उन्हें सत्ता पक्ष के इशारे पर फंसाया गया है। राजनीतिक साजिश रची गई है।
फैजाबाद कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली युवती का आरोप है कि गत गुरुवार की देर रात बज्मी सहित उनके आठ साथियों ने घर में घुसकर उसके रिश्तेदारों से मारपीट व लूटपाट की। युवती के पहुंचने पर उसे भी मारा-पीटा गया और दुष्कर्म किया गया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने बसपा नेता बज्मी सिद्दीकी सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
उल्लेखनीय है कि गत चार मार्च को आठ आरोपियों में से छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें गफ्फार, तबरेज, रहमान, चांद, प्रवीण सिंह उर्फ बंटी तथा परवेज शामिल हैं। शिकंजा कसता देख मंगलवार को बज्मी ने भी पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। रईस अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा है। प्रकरण में युवती का कलमबंद बयान हो चुका है। एसएसपी अनंतदेव ने बताया कि बज्मी सिद्दीकी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार चल रहे आठवें आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसकी जांच कैंट थाना प्रभारी कर रहे हैं।