त्योहारों की श्रृंखला के लिए तैयार हो रहा बाजार
दीपावली को लेकर बाजार में उल्सास दिखने लगा है। आगामी 25 अक्टूबर को धनतेरस पर्व के मद्देनजर भी व्यापारियों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं।
अयोध्या : दीपावली को लेकर बाजार में उल्लास दिखने लगा है। आगामी 25 अक्टूबर को धनतेरस पर्व के मद्देनजर भी व्यापारियों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। दुकानों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। खिलौने, मूर्ति आदि की अस्थाई दुकानें लगाई जा रही हैं। चौक, रिकाबगंज, नाका, फतेहगंज, मोदहा व नियावां समेत अन्य बाजारों में स्थित दुकानों को इस महापर्व के लिए तैयार किया जा रहा है। धनतेरस पर विशेष रूप से होने वाली बर्तन की बिक्री को लेकर भी व्यापारियों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापारी त्योहारों की इस श्रृंखला के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।
बर्तन के बाजार में इस बार ग्राहकों को पीतल के कूकर भी मिलेंगे। पीतल के कूकर के साथ ही भगोना, कढ़ाई आदि भी बाजार में आई है। इसके साथ ही ब्रांडेड बर्तनों की बाजार में भरमार है। चौक, रिकाबगंज, नाका, फतेहगंज, मोदहा, नियावां समेत अन्य बाजारों में बर्तनों की स्थाई दुकानों के साथ ही अस्थाई दुकानें भी लगाने की तैयारी की जा रही है। ऐसा ही नजारा बीकापुर, रुदौली, सोहावल व मिल्कीपुर तहसीलों की बाजारों में है। प्रमुख बर्तन विक्रेता कमल कौशल ने बताया कि इस बार ग्राहकों को नई-नई डिजाइनों के बर्तन मिल सकेंगे। ----------------- वाहन विक्रेताओं को भी आस
-टू व फोर व्हीलर के विक्रेताओं को उम्मीद है कि दीपावली व धनतेरस आटो सेक्टर में बिक्री में आई गिरावट को न केवल थामेगा, बल्कि बढ़ाएगा भी। टू-व्हीलर व फोर व्हीलर विक्रेताओं ने एडवांस बुकिग भी आरंभ कर दी है। साथ ही आकर्षक छूट भी जा रही है। ऋण की स्कीमें भी संचालित हैं। सिविल लाइंस, रिकाबगंज, सआदतगंज समेत शहर के अन्य क्षेत्रों में स्थित वाहनों के शोरूम को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दोपहिया व चारपहिया वाहनों की दुकानों पर बिजली की झालरों की सजावट की गई है। प्रमुख उद्योगपति व वाहन विक्रेता चंद्रप्रकाश गुप्त ने बताया कि धनतेरस को लेकर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।