छेड़छाड़ के आरोप को दबा, चोरी में दर्ज किया मुकदमा
महराजगंज थाना क्षेत्र का मामला मिशन शक्ति से भी नहीं आ रही कार्रवाई में गंभीरता.
मयाबाजार(अयोध्या): सूबे में मिशन शक्ति अभियान चल रहा है। महिलाएं निडर होकर पुलिस तक अपनी बात पहुंचा सकें इसके लिए उन्हें भरोसा दिलाया जा रहा है, लेकिन थाना स्तर पर महिला अपराधों का अल्पीकरण किया जा रहा है। इसका उदाहरण महराजगंज थाना क्षेत्र में सप्ताह भर पूर्व हुई एक वारदात है। बदमाश ने घर में घुसकर एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और जेवरात भी लूट ले गया। पीड़ित परिवार इंसाफ की आस में थाने पहुंचा और आपबीती बताई, लेकिन पुलिस ने पूरे मामले को चोरी की धारा में दर्ज किया। पुलिस कार्रवाई से निराश पीड़ित परिवार ने डीआईजी दीपक कुमार से मामले की शिकायत की है। डीआईजी की ओर से भी पीड़ित परिवार को प्रभावी कार्रवाई कराने का भरोसा दिया गया है। यह घटना बताती है कि पीड़ितों की थाने स्तर पर सुनवाई में हद दर्जे की लापरवाही और मनमानी बरती जा रही है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के टिकरा वैहारी गांव निवासी पीड़िता की मां का आरोप है कि गत 12 अक्टूबर को वह अपने पुत्र के साथ बाजार गई थी। घर में ही उसकी किराने की दुकान है। घटना के दिन उसकी 12 वर्षीय पुत्री अकेली थी। एक व्यक्ति गमछे से चेहरा छुपाकर आया और सिगरेट मांगी। किशोरी सिगरेट देने के लिए मुड़ी तो उक्त व्यक्ति ने दुकान में घुसकर उसे दबोच लिया और घर के अंदर खींच ले गया। उसके साथ छेड़खानी की। नशीला पाउडर सुंघा कर बेहोश कर दिया। हाथ पैर बांधकर घर में रखे जेवरात लूट ले गया। किशोरी की मां बाजार से वापस आई तो प्रकरण की जानकारी हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अपने मनमाफिक तहरीर लिखवाई है। छेड़छाड़ व लूट की धारा न लगाकर चोरी में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा उसी दिन लिखा गया। पीड़ित किशोरी थाने नहीं आई थी, जिससे उसका चिकित्सकीय परीक्षण नहीं हो पाया। मामले की विवेचना चल रही है।