अविवि कर्मियों का धरना खत्म, आज से होगा कामकाज
अयोध्या डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद की अगुवाई में चल रहा सप्ताह भर पुराना कार्य बहिष्कार बुधवार की शाम को खत्म हो गया। गुरुवार से विवि में कामकाज सामान्य हो सकेगा।
अयोध्या : डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद की अगुवाई में चल रहा सप्ताह भर पुराना कार्य बहिष्कार बुधवार की शाम को खत्म हो गया। गुरुवार से विवि में कामकाज सामान्य हो सकेगा। कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से विवि की मिड-टर्म परीक्षा टली हुई थी। माना जा रहा है कि अब मिड टर्म परीक्षा की तिथि जल्द घोषित होगी।
बीते तीन दिसंबर से विवि के कर्मी आंदोलित थे। लगातार कार्य बहिष्कार की वजह से विवि में रोजमर्रा के कामकाज भी ठप थे। इसके बाद बीती रात तक पुलिस-प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी नेताओं से वार्ता करते रहे। बुधवार को विवि की प्रशासनिक समिति की ओर से गठित तीन सदस्यीय कमेटी के साथ सिटी मजिस्ट्रेट एसपी सिंह व सीओ सिटी अरविद चौरसिया ने कर्मियों से मांगों पर वार्ता की। इसके बाद कर्मचारियों ने देर शाम को हड़ताल खत्म कर दी।
विवि प्रशासन का दावा है कि कर्मचारियों की 17 मांगे पहले ही पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मांगों को पूरा करने की प्रक्रिया आरंभ कर की जा चुकी है। वार्ताकारों में शामिल रहे विवि के उपकुलसचिव विनय सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी गतिरोध समाप्त हो गया है। गुरुवार से विवि में कामकाज सामान्य हो जाएगा। इस मौके पर कुलसचिव उमानाथ, कार्यसमिति के सदस्य व वार्ताकारों में शामिल रहे केके मिश्र, कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेश पांडेय, महामंत्री श्याम कुमार, संयुक्त सचिव दिलीप पाल आदि थे।