संसू, रुदौली (अयोध्या) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर नगर मंडल की तरफ से आयोजित शक्ति केंद्र संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत 2014 से पहले अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर आश्रित रहता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वही भारत आज दूसरों की समस्या का समाधान कर रहा है।
स्वालंबन की ओर बढ़ रही महिलाएं
शुक्रवार की देर रात अयोध्या पहुंचे डिप्टी सीएम ने सपा का नाम लिए बगैर कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में प्रदेश में कायम गुंडा राज आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश से पूरी तरह समाप्त हो गया है। भाजपा शासन में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। महिलाएं स्वालंबन की ओर बढ़ रही हैं।
विकास की नई योजनाएं बनाई जा रही
देश की विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिकता का समावेश कर विकास की योजनाएं बनाई जा रही हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में रोज नए घोटाले सामने आते रहे। रोज धमाके होते रहे। होटलों पर आतंकवादी हमला कर रहे थे। पीएम मोदी ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की। अभिनंदन को पाकिस्तान से सकुशल वापस लाने का काम 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री ने किया है।
आम नागरिकों को मिला रहा पद्म विभूषण
पद्म विभूषण व पद्मश्री अब आम नागरिक को मिल रहा है। विधायक रामचंद्र यादव ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम का आभार जताया। इससे पहले विधायक रामचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष कृष्णकुमार पांडे, नगर अध्यक्ष शेखर गुप्त ने कार्यकर्ताओं के साथ डिप्टी सीएम का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न व फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।