Ayodhya Ram Temple News : ADG जोन पहुंचे अयोध्या तो SPG ने भी संभाली कमान
Ayodhya Ram Temple News तीन की रात से शहर और चार अगस्त की रात से जिले की सीमा होगी सील। बाहरी लोगों का प्रवेश होगा प्रतिबंधित स्थानीय लोगों को भी दिखाना होगा पहचानपत्र।
अयोध्या, जेएनएन। Ayodhya Ram Temple News : प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सतर्कता बढ़ती जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी देखने एडीजी जोन एसएन साबत शनिवार को फिर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों को जाना और उसके बाद आयोजन से जुड़े स्थलों का भ्रमण किया। डीआइजी दीपक कुमार को साथ लेकर वह साकेत महाविद्यालय पहुंचे।
हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत रामनगरी में हनुमानगढ़ी आदि स्थानों का जायजा लिया। वहीं एसपीजी भी यहां पहुंच गई है। भूमि पूजन में पीएम के साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल होंगे। पीएम और संघ प्रमुख के विशेष सुरक्षा दस्ते ने स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क पर दोनों विशिष्टजनों की सुरक्षा की साझा रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर तीन अगस्त की रात से जुड़वा शहर की और चार अगस्त की रात से जिले की सीमायें सील कर दी जाएंगी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। स्थानीय लोगों को भी पहचानपत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। राममंदिर के भूमि पूजन की तारीख नजदीक आने के साथ ही सुरक्षा घेरा सख्त होता जा रहा है। मानक के अनुरूप पीएम की सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जीन-जान से जुटे हैं।
कार्यक्रम में पीएम के अतिरिक्त संघ प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सहित देश की कई विशिष्ट हस्तियां शमिल होंगी। कोरोना को देखते हुए कार्यक्रम और उसमें प्रतिभाग करने वाले अतिथियों की संख्या सीमित रखी गई है। जिले की सीमा से लेकर रामनगरी तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। शनिवार को डीआइजी दीपक कुमार के मीडिया सेल की ओर से दी गई सूचना के मुताबिक उन्होंने कारसेवकपुरम सहित रामनगरी के अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।