अयोध्या नगर निगम को मिली सुपर सकर मशीन
सीवर लाइन चोक होने से उपजी समस्या को देखते हुए स्थानीय नगर निगम को लंबे समय से सुपर सकर मशीन की दरकार थी. इससे चोक सीवर लाइन की सफाई का गतिरोध होगा दूर.
अयोध्या : सीवर लाइन चोक होने से उपजी समस्या को देखते हुए स्थानीय नगर निगम को लंबे समय से सुपर सकर मशीन की दरकार थी। जिन वार्डों में यह समस्या सबसे अधिक थी, उनमें से एक स्वर्गद्वार वार्ड के पार्षद महेंद्र शुक्ल सकिग मशीन के लिए बराबर गुहार करते रहे। उन्होंने रामकीपैड़ी का निरीक्षण करने आये प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी तक भी अपनी आवाज पहुंचाई और इस कोशिश के फलस्वरूप नगर निगम का तोशिबा कंपनी से करार हुआ। अब यह समझौता अमल में आने लगा है। कंपनी की अत्यंत क्षमतावान सकर मशीन युद्धस्तर पर रामनगरी की सीवर लाइन का गतिरोध दूर करने में लगी हुई हैं। पार्षद सहित न केवल स्वर्गद्वार बल्कि सीवर जाम और जलभराव से ग्रस्त कई अन्य वार्ड के नागरिकों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। इस दौरान 20 वर्षों से जाम पड़ी मणिरामदास छावनी वार्ड, मीरापुर वार्ड, स्वर्गद्वार वार्ड सहित कुछ अन्य वार्ड की कई मुख्य गलियों की चोक सीवर लाइन खुल गयी है और बाकी काम जारी है। स्थानीय नागरिक इसे नगर निगम की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। तोशिबा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर चेतन वर्मा, ठेकेदार सत्येन गुप्त एवं तकनीकी विशेषज्ञ अजय जायसवाल ने बताया कि ये सुपर सकर मशीन जापानी तकनीक की जेट मशीन है और इससे गंभीर से गम्भीर चोक एक बार में खोला जा सकता है। तोशिबा की यह टीम पुणे, गाजियाबाद, बेंगलुरू, कानपुर, मुंबई, अहमदाबाद आदि नगर निगम क्षेत्र में काम कर चुकी है, पर अयोध्या में काम करना इस टीम के लिए पुनीत काम बन गया है। पार्षद महेंद्र शुक्ल के अलावा मीरापुर वार्ड के पार्षद डॉ. संजय पांडेय एवं सामाजिक कार्यकर्ता अवधराम शुक्ल भी सुपर सकर मशीन की सक्रियता से मुदित हैं। उनका कहना है कि सीवर की सफाई के साथ अयोध्या की सफाई व्यवस्था की बुनियाद भी पुख्ता हो रही है।