अयोध्या यात्रा मेरा सौभाग्य: केजरीवाल
दिल्ली के सीएम ने उतारी सरयू की आरतीआज करेंगे बजरंगबली व रामलला का दर्शन-पूजन
अयोध्या: आम आदमी पार्टी के मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल सोमवार को रामनगरी पहुंचे। होटल पंचशील में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। शाम को वह सरयू आरती में शामिल हुए और साधु-संतों से भी भेंट की। सरयू तट पर उन्होंने जयश्री राम का उद्घोष भी किया। अयोध्या आने को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भगवान राम से देश को कोरोना मुक्त करने की कामना की। केजरीवाल मंगलवार की सुबह आठ बजे हनुमानगढ़ी जाएंगे। इसके बाद वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे।
उन्होंने कहाकि भारत को अब तक दुनिया का सबसे अग्रणी देश हो जाना चाहिए था। देश में गरीबी, अशिक्षा के साथ विभिन्न प्रकार की समस्याएं हैं। उन्होंने भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए भी भगवान राम से प्रार्थना की। कहा, 130 करोड़ भारतवासी मिल कर इस सपने को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहाकि दिल्ली शासन के अनुभव से यह लगता है कि यदि सभी देशवासी भेदभाव रहित होकर परिवार की तरह काम करें तो यह संभव भी है। दिल्ली में ऐसे कई कार्य हुए भी हैं। स्कूल बने, अस्पताल अच्छे हुए। यही वजह है कि दिल्ली तरक्की की राह पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहाकि भगवान राम की कृपा से जीवन में बहुत कुछ हासिल हुआ है। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, विधायक दिलीप पांडेय, अनिल प्रजापति, संदीप वर्मा, दिनेश सिंह पटेल, वंशराज दुबे, विनय पटेल, धर्मवीर सिंह, मनोज मिश्रा, दिग्विजय निषाद, आलोक द्विवेदी, आनंद जायसवाल, अजीत श्रीवास्तव, नीलम यादव, गायत्री मिश्रा, सूर्या त्रिपाठी आदि मौजूद थे।