संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध की मौत
मृतक के दामाद अरविद ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
फैजाबाद : रौनाही थाना क्षेत्र के बरसेंडी निवासी वृद्ध साहबलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह खेत जाने के लिए निकला था। वृद्ध का शव घर से थोड़ी दूर पर मिला। परिवारीजनों का कहना है कि एक युवक साहबलाल का शव लेकर आया और हार्ट अटैक से मौत बताकर शव छोड़कर चला गया। चौकी प्रभारी राम औतार राम ने बताया कि मृतक के दामाद अरविद ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपित युवक का कहना है कि साहबलाल उसके घर आया करता था। आरोपी युवक की पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। धक्का लगने से गिरकर वह बेहोश हो गया। बड़ागांव स्थित एक निजी चिकित्सक को दिखाया, जिसने मृत घोषित कर दिया। अपहरण के आरोपी को ग्रामीणों ने दबोचा
मवई : दो वर्षीय बच्चे के अपहरण के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना मवई थाना क्षेत्र के जिया पुरवा मजरे द्वारिकापुर गांव की है। जियापुरवा गांव निवासी रामकेवल का आरोप है कि सोमवार की सुबह दो वर्षीय पुत्र अपनी बहन के साथ घर के बाहर खेल रहा था। गांव के ही एक व्यक्ति पर पुत्र को अगवा कर करने का आरोप लगाया। पुत्री के शोर मचाने पर गांव वालों ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। परिवारीजनों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ शांतिभंग में चालान किया। रामकेवल का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक राम किशन राना ने बताया कि छानबीन में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार
रामपुरभगन : तारुन थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुल्तानपुर निवासी समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के पिता ने बताया कि रविवार को पुत्री बकरियों को चारा देने गई थी। दोनों ने दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष तारुन अश्वनी मिश्र ने बताया कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पक्ष का कहना है कि दोनों आरोपी भी नाबालिग हैं। पुरानी रंजिश की वजह से फंसाया जा रहा है।