Move to Jagran APP

Ramnavmi पर अयोध्या में आस्था का ज्वार, 2 लाख 12 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

राम मंदिर पर सुप्रीम फैसला आने से पूर्व रामनवमी व अन्य प्रमुख पर्वों पर भी रामलला का दर्शन करने के लिए श्रद्धालु उमड़ते थे लेकिन उनकी संख्या एक लाख के भीतर रहती थी। गुरुवार को पालियों को मिला कर दो लाख 12 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया।

By Jagran NewsEdited By: Nitesh SrivastavaFri, 31 Mar 2023 11:15 AM (IST)
Ramnavmi पर अयोध्या में आस्था का ज्वार, 2 लाख 12 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
राममंदिर निर्माण की बेला में रामजन्मभूमि पर आयोजित रामजन्मोत्सव श्रद्धालुओं की संख्या की दृष्टि से भी ऐतिहासिक रहा। जागरण

 जागरण संवाददाता, अयोध्या: राममंदिर निर्माण की बेला में रामजन्मभूमि पर आयोजित रामजन्मोत्सव श्रद्धालुओं की संख्या की दृष्टि से भी ऐतिहासिक रहा। गुरुवार को रामनवमी के मुख्य पर्व पर दो पालियों को मिला कर दो लाख 12 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया। रामनवमी पर रामलला का दर्शन करने वालों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या मानी जा रही है।

बुधवार को एक लाख 76 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया था। राम मंदिर पर सुप्रीम फैसला आने से पूर्व रामनवमी व अन्य प्रमुख पर्वों पर भी रामलला का दर्शन करने के लिए श्रद्धालु उमड़ते थे, लेकिन उनकी संख्या एक लाख के भीतर रहती थी।

आम दिनों में यह संख्या दस हजार अथवा उससे कुछ अधिक होती थी, लेकिन नौ नवंबर वर्ष 2019 में रामजन्मभूमि पर सुप्रीम निर्णय आने के बाद से रामलला के दर्शनार्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि देखने को मिली है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एवं प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं में वृद्धि कर रहा है।

अस्थाई गर्भगृह में रामजन्मोत्सव का अंतिम आयोजन श्रद्धालु संख्या की दृष्टि से भव्यता का परिचायक रहा। ट्रस्ट एवं प्रशासन से जुड़े जिम्मेदारों ने पहले ही संभावना व्यक्त की थी इस बार रामनवमी पर दर्शनार्थियों की रिकार्ड संख्या होगी और ऐसा हुआ भी।

सुरक्षातंत्र ने ट्वीट कर दावा किया कि रामजन्मोत्सव तक रामनगरी में 25 लाख श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन किया। ऐसा अनुमान है कि शाम तक यह संख्या 30 लाख के करीब थी। श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे उन्हें नियंत्रित करने के संसाधन भी कम पड़ गए।