यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ने छोड़ा संगठन
फैजाबाद : व्यापारी नेता संदीप बंसल के नेतृत्व वाले संगठन युवा उद्योग व्यापार मंडल में बड़ा घटनाक्रम स

फैजाबाद : व्यापारी नेता संदीप बंसल के नेतृत्व वाले संगठन युवा उद्योग व्यापार मंडल में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुशील जायसवाल ने अपने पद से त्याग पत्र देते हुए प्रमुख व्यापारी नेताओं के साथ संगठन छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को सुशील ने कहा कि त्याग पत्र देने से पूर्व पूरे प्रदेश में जिला से लेकर बाजार तक युवा उद्योग व्यापार मंडल की सभी इकाईयां भंग कर दी गई हैं।
वर्ष 1996 से व्यापारियों के हित के लिए आवाज उठा रहे सुशील ने वर्ष 2003 में संदीप बंसल की प्रभुत्व वाले संगठन अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की सदस्यता ली थी। जिला स्तर के प्रमुख पदों पर रहते हुए सुशील वर्तमान में संगठन की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष थे। सुशील ने कहा कि वे संगठन से अलग हुए लेकिन व्यापारी, जनता, किसान व युवाओं के हक के लिए संषर्घ करते रहेंगे। जनहित के मुद्दों को लेकर स्वयं व उनके समर्थक पहले की ही तरह जनता के बीच रहेंगे। सुशील ने कहा कि विभिन्न वर्ग के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए संगठन ने राजनीतिक दल का गठन करने का निर्णय लिया है। जल्द ही संगठन के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी। सुशील ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा व सम्मान तथा किसानों की समस्या दो प्रमुख मुद्दे हैं। इनकी समस्याओं का इसलिए नहीं हो पा रहा है कि किसान व व्यापारी संघ इनकी समस्याओं को उचित फोरम पर नहीं उठा पा रहे हैं। यही वजह है किसान और व्यापारी आज भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। संगठन से त्याग पत्र देने के बाद अपने साथियों को साथ लेकर व्यापारी, किसान और नौजवान सभी के मुद्दों पर स्वतंत्र होकर निर्णायक जंग की जाएगी। प्रदेश सचिप कमल कौशल, जिलाध्यक्ष विश्वप्रकाश रुपन, कोषाध्यक्ष रमेश जायसवाल, नगर अध्यक्ष प्रवीण रस्तोगी सहित जिले के सभी पदाधिकारियों के त्याग पत्र देने का दावा सुशील की ओर से किया गया है।
नोट बंदी से भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम
फैजाबाद : भ्रष्टाचार रोकने के लिए केंद्र सरकार की ओर से पांच सौ व एक हजार के नोट को बंद करना स्वागत योग्य है। सुशील जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले में व्यापारी व आमजन पूरा सहयोग करें। देशहित में कालेधन को सफेद करने के लिए कोई गलत काम न करें। यह भी सत्य है कि बाजार में रुपयों की आवक कम होने से अस्सी प्रतिशत व्यापार मंदी के दौर में चला गया है, ऐसे में व्यापारी विचलित होने के बजाए धैर्य से काम लें। जायसवाल ने समर्थकों से कहा कि लोगों को जागरूक करने के साथ बैंक के बाहर जमा भीड़ में बीमार व बुजुर्ग ग्राहकों के फार्म भरने से लेकर अन्य आवश्यक मदद भी करें।