घूमते बेसहारा पशु होंगे नीलाम, छोड़ने पर जुर्माना
जागरण संवाददाता, इटावा : नगर में घूमते बेसहारा पशु अब लोगों की परेशानी का कारण नहीं
जागरण संवाददाता, इटावा : नगर में घूमते बेसहारा पशु अब लोगों की परेशानी का कारण नहीं बनेंगे। कमिश्नर के सुझाव पर नगर पालिका परिषद पशुओं को पकड़ने के लिए अब अभियान चलाएगी और जरुरत हुई तो प्राइवेट एजेंसी को काम देगी। बेसहारा पशुओं को पकड़कर नीलाम कराया जाएगा। छोड़ने के बदले जुर्माना वसूल किया जाएगा।
डेयरियों में पाले जा रहे पशुओं को डेयरी संचालक अक्सर खुला छोड़ देते हैं। पशु सड़कों पर आकर यातायात को प्रभावित करते हैं। कई बार इन पशुओं के कारण लोग चुटहिल भी होते हैं। नगर पालिका परिषद ने बीते कुछ दिनों से पशुओं को पकड़वाने की योजना बनाई है। इसके लागू होते ही सड़क पर घूमने वाले पशुओं को पकड़ा जाएगा।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि नगर का शास्त्री चौराहा हो अथवा स्टेशन रोड पर उर्दू मोहल्ला तिराहा, नीलकंठ रोड, मालगोदाम तिराहा हो या पचराहा, छैराहा, टिक्सी मंदिर हो या नेविल रोड हर जगह बेसहारा गोवंश रोड पर घूमता देखा जाता है। कुछ पशुपालक सड़क पर गायें बांधते हैं। इससे जाम लगता और दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसलिए अब इनको पकड़ने का अभियान शुरू कराया जाएगा। एक पशु पर 500 रुपये से एक हजार रुपये तक जुर्माना देना होगा। यदि पशु लेने कोई नहीं आता है तो उन्हें नीलाम कर दिया जाएगा।