शिवपाल ने बंधवाई बहन कमला से राखी, कहा-नेताजी मेरे आजीवन सम्मानित
शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी ने पिछले डेढ़ वर्ष से कोई जिम्मेदारी नहीं दी है। हम चाहते हैं कि हमें पार्टी में जिम्मेदारी मिले और सब मिलकर लड़े तभी सफलता मिल सकती है।
इटावा (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी में बड़ा तथा महत्वपूर्ण पद लेने के इच्छुक शिवपाल सिंह यादव ने आज यहां बड़ी बहन कमला यादव से राखी बंधावाई। फ्रेड्स कालोनी में बहन से राखी बंधवाने के बाद लखनऊ प्रस्थान करने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आज भी मैं समाजवादी पार्टी में सिर्फ नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का सम्मान करता हूं। उन्होंने कहा कि वह उनका आजीवन सम्मान करते रहेंगे। शिवपाल सिंह यादव ने साफ कहा कि नेताजी को सम्मान न देने वाले उनकी नजर में काफी नीचे गिरे लोग हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी में उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से कुछ भी नहीं हुआ है।
शिवपाल सिंह यादव ने इकलौती बहन के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) का सम्मान उन्होंने शुरू से ही किया है और आजीवन करते रहेंगे। हम तो नेता जी के साथ में ही हैं। जो लोग नेता जी का सम्मान नहीं करते है उन्हें करना चाहिए। दरअसल पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने बयान दिया है कि उनका अब सम्मान नहीं किया जाता। लोग शायद उनकी मौत के बाद उनका सम्मान करें।
वहीं पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं मिलने से शिवपाल यादव नाराज भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पिछले डेढ़ वर्ष से कोई जिम्मेदारी नहीं दी है। हम चाहते हैं कि हमें पार्टी में जिम्मेदारी मिले और हम सब मिलकर लड़े तभी सफलता मिल सकती है। इंतजार करते करते डेढ़ साल से ज्यादा समय हो चुका है।
पार्टी के भीतर वर्चस्व की लड़ाई का असर चुनावी तैयारियों के साथ-साथ चुनावी नतीजों पर दिखाई दिया। चाचा यानि शिवपाल यादव समय समय पर पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते रहते हैं। शिवपाल ने आज भी कहा कि हम चाहते हैं सब मिलकर चुनाव लड़े। जब सब मिलकर लड़ेंगे तभी भाजपा को हराना संभव है। अपनी-अपनी बात मनवाने की जिद भारी पड़ेगी।