विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Politics: 'अहीर और जहीर' वाली पोस्ट पर इटावा में शिवपाल का पलटवार, बोले-राजभर की बुद्धि फिर गई इलाज हो जाएगा

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:07 PM (IST)

शिवपाल सिंह यादव ने ओमप्रकाश राजभर के 'अहीर और जहीर' वाले ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में ...और पढ़ें

शिवपाल व ओम प्रकाश राजभर। इंटरनेट मीडिया

शिवपाल व ओम प्रकाश राजभर। इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. शिवपाल ने राजभर के 'अहीर-जहीर' ट्वीट पर किया पलटवार

  2. कहा भाजपा में जाने के बाद राजभर की बुद्धि फिर गई

  3. दावा किया 2027 में सपा सरकार बनाएगी, भाजपा का जनाधार खिसका

जागरण संवाददात, इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के अहीर और जहीर वाले एक्स के पोस्ट को लेकर पलटवार किया। शिवपाल ने कहा कि भाजपा में जाने के बाद ओमप्रकाश राजभर की बुद्धि फिर गई है, उनका इलाज हो जाएगा। वे पक्का तालाब स्थित जागेश्वर नाथ मंदिर पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।


कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट में लिखा था कि अखिलेश भाई! अपने ''अहीर’ और ‘जहीर'' को कंट्रोल कीजिए महाराज, ये बहुत अति मचाए हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी ये निपटा देंगे। झांसी में आपका ''अहीर'', जो कि सरकारी मास्टर है, उसने एक व्यापारी, जो कि बनिया समाज से आते हैं, उनका अपहरण कर लिया। हालांकि बाबा की पुलिस ने उसको पकड़ लिया है। वहीं हापुड़ में आपका ''जहीर'' गोकशी के मामले में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ।

इस ट्वीट पर शिवपाल ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा में जाने से पहले राजभर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते थे। अब वह भाजपा में हैं। उनकी बुद्धि फिर गई है और उनका इलाज हो जाएगा।

इतना ही नहीं ओमप्रकाश राजभर के सपा यूथ विंग की नीले रंग की ड्रेस को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि नीले रंग को देखकर भाजपा के लोग बौखला गए हैं। भाजपा का जनाधार खिसक गया है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि किस-किस दल के साथ गठबंधन होगा, इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने किसी दल का नाम नहीं लिया।

यह भी पढ़ें- इटावा में स्कूल में शिक्षा मित्र व रसोइया कर रहे थे अश्लील हकरतें, शक होने पर पहुंच गए ग्रामीण और बच्चे, गेट पर डाला ताला