सपा को अलविदा कह मोर्चा में हुए शामिल
जागरण संवाददाता, इटावा : समाजवादी सेक्युलर मोर्चा ने अपने गृह जनपद में अपनी जड़े मजबूत करने क
जागरण संवाददाता, इटावा : समाजवादी सेक्युलर मोर्चा ने अपने गृह जनपद में अपनी जड़े मजबूत करने का सिलसिला तेज कर दिया है। इसके तहत रविवार को सपा के जिला सचिव अजयराज दुबे ने सपा को अलविदा कहकर साथियों सहित मोर्चा का दामन थाम लिया। इस मौके पर उन्होंने सपा को फेसबुक पार्टी बताते हुए कहा कि वहां जमीनी कार्यकर्ताओं तथा सवर्णों का कतई सम्मान नहीं है। इसी तरह के आरोप लगाकर भाजपा नेता नूतन दुबे भी साथियों सहित मोर्चा में शामिल हुए।
बाबा मॉल में मोर्चा के मंडल प्रभारी पूर्व सांसद रघुराज शाक्य तथा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील यादव, कृष्णमुरारी गुप्ता ने इन नेताओं व उनके साथियों को मोर्चा की सदस्यता प्रदान करके मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि नवरात्र में मोर्चा का जिला कार्यालय खुल जाएगा। हमारा जनसंपर्क का सिलसिला तेजी से गांव-गांव चल रहा है। कार्यालय शुभारंभ दिवस पर जनपद की राजनीति में बड़ा धमाका होगा। मोर्चा अध्यक्ष शिवपाल ¨सह यादव के समक्ष काफी संख्या में सपा ही नहीं अपितु अन्य दलों के जमीनी नेता और कार्यकर्ता मोर्चा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। 13 अक्टूबर को इटावा से टूंडला तक मोर्चा अध्यक्ष शिवपाल ¨सह यादव अपने कारवां के साथ निकलेंगे उस दिन सभी को मोर्चा की ताकत सड़कों पर नजर आएगी। इस मौके पर जिपंस दिलीप यादव बबलू, सीमा यादव, मास्टर शिवनरायण शाक्य, अवनीश तिवारी, मयंक पाण्डेय, सुधीर दुबे, विजय शर्मा, अमित बाजपेई, सोनू गुप्ता, मनीष त्रिपाठी, जगमोहन पाण्डेय आदि उपस्थित थे।