यूपी रोडवेज बसों में दिव्यांगजनों के लिए नई व्यवस्था, ID का क्यूआर स्कैन कराने पर ही मिलेगा टिकट
दिव्यांगजनों के लिए रोडवेज बसों में क्यूआर कोड स्कैन कर निःशुल्क टिकट जारी करने की सुविधा शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
दिव्यांगजनों को क्यूआर कोड स्कैन कर निःशुल्क टिकट सुविधा।
ईटीआईएम मशीन से आईडी कार्ड स्कैन कर मिलेगी जानकारी।
इटावा से सहारनपुर के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा प्रारंभ।
जागरण संवाददाता, इटावा। रोडवेज बस से सफर करने वाले दिव्यांगजनों को (इटीआइएम इलैक्ट्रोनिक टिकटिंग एवं इशुिंग मशीन) से दिव्यांगजन कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन कर निश्शुल्क टिकट जारी करने की सुविधा शुरू हो गई है।
इसके अंतर्गत बस के परिचालक दिव्यांगजन आइडी पहचान पत्र पर अंकित क्यूआर स्कैन कर सीधे निश्शुल्क टिकट निर्गत कर सकेंगे।
इस संबंध में एआरएम अमित कुमार ने बताया कि इटीआइएम में दिव्यांगजनों को निशशुल्क टिकट जारी करने की सुविधा शुरू हो गई है। इस प्रकार जारी दिव्यांगजन निश्शुल्क टिकट अब कंडक्टर बस लोड फैक्टर में भी शामिल किए जाएंगे।
दिव्यांगजन को फ्री टिकट जारी करने की प्रक्रिया
टिकट जारी करने के लिए कहां से कहां तक जाना है का चयन करना होगा। इसके बाद दिव्यांगजन बटन पर क्लिक करने के बाद दिव्यांगजन के आइडी कार्ड पर दिए गए क्यूआर कोड को इटीआइएम मशीन से स्कैन करें। क्यूआर कोड स्कैन होने के बाद दिव्यांगजन के आइडी कार्ड की जानकारी इटीआइएम मशीन पर दिव्यांगजन की यूआइडी नंबर, नाम,जन्मतिथि,विकलांगता की श्रेणी, विकलांगता का प्रतिशत तथा आधार नंबर प्रदर्शित होगा।
प्रदर्शित जानकारी जांचने के बाद कन्फर्म बटन पर क्लिक करने पर फ्री टिकट जारी होगा। बताया कि विकलांगता 80 प्रतिशत से कम होने पर एक फ्री टिकट ही जारी होगा। इससे अधिक विकलांगता प्रतिशत होने पर दो फ्री टिकट जारी होंगे। यदि दिव्यांगजन की विकलांगता 40 प्रतिशत है तो एक फ्री टिकट जारी होगा।
सहारनपुर के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू
लंबे इंतजार के बाद इटावा से सहारनपुर के लिए साधारण सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। यह बस इटावा डिपो से सुबह छह बजे सहारनपुर के लिए रवाना होगी। वापसी में यह बस शाम सात बजे सहारनपुर से इटावा के लिए रवाना होगी।
इससे बस यात्रियों का अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर जाना आसान होगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि यह बस सैफई, करहल, मैनपुरी, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फर नगर, रामपुर तिराहा, देवबंद होते हुए 483 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सहारनपुर पहुंचेगी। इटावा से सहारनपुर तक का किराया 716 रुपये है।
