आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भूखे-प्यासे लोगों की मदद को आगे आए लोग
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भूखे-प्यासे लोगों की मदद को आगे आए लोग
संवाद सूत्र, ऊसराहार : कोरोना का असली योद्धा बनकर मदद कर रहा है कालिका माता सुंदरकांड सेवा समिति का हर सदस्य आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर। यहां पर गुजरने वाले हजारों यात्रियों की तीन दिन से मदद करने में टीम के एक दर्जन सदस्य जुटे हुए हैं।
लॉकडाउन के चलते इन दिनों जहां पूरे देश में रहने वाले सभी परिवार अपने घरों के अंदर हैं वहीं दिल्ली जैसे शहर में मजदूरी कर पेट पालने वाले हजारों मजदूर इन दिनों अपने घर जाने के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पैदल और बसों से गुजर रहे हैं। पिछले तीन-चार दिन से लगातार भूख और प्यास से बेहाल पैदल चलने वाले हजारों यात्रियों की मदद पर इस समय कालका माता सुंदरकांड सेवा समिति की टीम यात्रियों की मदद में पिछले 3 दिनों से जुटी हुई है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के चैनल नंबर 130 भरतिया चौराहे के समीप टीम के सदस्य सुबह से शाम तक गुजरने वाले यात्रियों को पानी की बोतलें, बिस्किट, नमकीन के पाउच व भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। टीम के सदस्य शारीरिक दूरी का ध्यान भी पूरी तरह रख रहे हैं। टीम के सदस्यों का सहयोग प्रशासनिक स्तर पर उप जिलाधिकारी ताखा नंद प्रकाश मौर्य, तहसीलदार ताखा श्रीराम यादव एवं थानाध्यक्ष ऊसराहार जेपी सिंह भी लगातार कर रहे हैं।