आर्थिक तंगी से परेशान प्रवासी मजदूर ने जान दी
संवादसूत्र वैदपुरा नगला बुद्धू गांव में कोरोना संकट काल में मुंबई से लौटे एक प्रवासी ने रोज
संवादसूत्र, वैदपुरा : नगला बुद्धू गांव में कोरोना संकट काल में मुंबई से लौटे एक प्रवासी ने रोजगार न मिलने के कारण आर्थिक तंगी से परेशान हो फांसी लगाकर जान दे दी।
नगला बुद्धू के रहने वाले 22 वर्षीय नीरज यादव ने सोमवार की सुबह शौच के बाद नीम के पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली। वह मुंबई में एक मिष्ठान केंद्र पर हलवाई के रूप में काम करता था। कोरोना संकट काल में अपने गांव लौट आया था। उसका बड़ा भाई भी मुंबई में ही किसी अन्य स्थान पर काम किया करता था, वह भी घर लौट आया है।
वैदपुरा थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि नीरज की खुदकुशी के पीछे फिलहाल वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि उसने खुदकुशी का कदम रोजगार नहीं मिल पाने से आर्थिक तंगी से परेशान होकर उठाया है। दर्शन सिंह यादव बताते हैं कि मुंबई से लौटने के बाद पुत्र नीरज काफी परेशान चल रहा था। जगह-जगह उसने रोजगार तलाशने की कोशिश की लेकिन उसको किसी भी तरह से कहीं रोजगार नहीं मिल सका।