विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में खेत से लौट रहे किसान पर तेंदुए का हमला, कुल्हाड़ी लेकर सामने डटे, बची जान

Published: Fri, 11 Sep 2026 02:00 PM (GMT+05:30)

इटावा में खेत से लौट रहे एक 60 वर्षीय किसान पर झाड़ियों से निकले तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. खेत से लौटते 60 वर्षीय किसान पर तेंदुए ने हमला किया

  2. किसान ने कुल्हाड़ी से बहादुरी से बचाव कर जान बचाई

  3. ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग फिशिंग कैट की आशंका जता रहा

जागरण संवाददाता, इटावा। खेत से घर लौट रहे 60 वर्षीय किसान पर गुरुवार शाम झाड़ियों से निकले तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी से अपना बचाव किया, जिसके बाद वह मौके से भाग गया। हमले में किसान की पीठ, गर्दन, छाती और पैरों पर खरोंच के निशान आए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है।

नगला तौर के मजरा घुरहा निवासी किसान साहूकार ने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास से अचानक निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि काफी देर तक वह उससे बचने का प्रयास करते रहे। हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी से बचाव करने पर वह वहां से भाग गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं। करीब दो सप्ताह पहले जाखन गांव में भी बकरियों पर हमला हुआ था। इसमें चार बकरियों की मौत और दो के घायल होने की बात सामने आई थी।

वन विभाग ने फिशिंग कैट होने की जताई आशंका

क्षेत्रीय वन दरोगा सचिन यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया हमला फिशिंग कैट नामक जंगली जानवर द्वारा किए जाने की संभावना है। यह देखने में तेंदुए जैसा प्रतीत होता है, लेकिन आकार में लगभग कुत्ते के बराबर होता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वनकर्मियों की टीम क्षेत्र में जाकर रेस्क्यू अभियान चलाएगी और जंगली जानवर को पकड़ने का प्रयास करेगी।

डीएम को सौपेंगे ज्ञापन

वहीं, ग्रामीण वन विभाग की इस आशंका से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि विभाग तेंदुए की आशंका को गंभीरता से नहीं ले रहा है। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई कर जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है। चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शिकायत की जाएगी।