कच्चा मकान गिरा, आटो चालक की मौत
संवादसूत्र उदी बढ़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भिडियापुरा में कच्चा मकान गिरने से उसके मलबे म
संवादसूत्र, उदी : बढ़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भिडियापुरा में कच्चा मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। वह आटो चलाकर पत्नी सहित तीन बच्चों का भरण पोषण कर रहा था।
भिडियापुरा निवासी 43 वर्षीय संजय प्रजापति पुत्र रामनाथ प्रजापति कच्चे मकान के कमरे में सो रहा था। जबकि उसकी पत्नी व बच्चे कमरे के बाहर टिन के नीचे सो रहे थे। गुरुवार को तड़के करीब चार बजे कच्चा कमरा अचानक ढह गया, जिसके मलबे में चारपाई सहित संजय दब गया। चीख-पुकार पर ग्रामीणों द्वारा संजय को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी नवरतन सिंह एवं उदी चौकी प्रभारी संजय दुबे द्वारा संजय की गंभीर हालत देखते हुए उसको तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। माली हालत अच्छी न होने से संजय कच्चे मकान में ही वर्षों से गुजारा करता आ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार शासन द्वारा संजय को आज तक एक कालोनी नसीब नहीं हो सकी। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्रों में बड़ा पुत्र नौ वर्ष का, मझला पुत्र सात वर्ष का और एक चार वर्षीय पुत्री को छोड़ गया है।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सूचना पर पहुंचे लेखपाल सहित तहसील प्रशासन द्वारा घटना स्थल की जांच की गई।