विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैफई पहुंचे केंद्रीय मंत्री रिजिजू बोले- अखिलेश मित्र हैं, लेकिन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी, चुनावी हार से विपक्ष परेशान

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:08 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सैफई में अखिलेश यादव को व्यक्तिगत मित्र लेकिन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बताया। उन्होंने यूपी में भाजपा ...और पढ़ें

सैफई पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू। जागरण

सैफई पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू। जागरण

HighLights

  1. रिजिजू ने अखिलेश यादव को मित्र, पर प्रतिद्वंद्वी बताया

  2. यूपी में भाजपा सरकार बनने का जताया भरोसा

  3. संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र बनाने पर जोर

संवाद सहयोगी, सैफई(इटावा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गृह क्षेत्र सैफई पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें व्यक्तिगत मित्र बताते हुए राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी कहा। अखिलेश के वर्ष 2027 में सरकार बनाने के दावे पर उन्होंने कहा कि विरोधी दल के नेता होने के नाते वह अपनी बात कहेंगे, लेकिन जनता सच्चाई जानती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताया और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। रिजिजू मंगलवार को सैफई हवाई पट्टी पर उतरे और पत्रकारों से बातचीत के बाद हेलीकॉप्टर से संकिसा के लिए रवाना हो गए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह ऐतिहासिक बौद्ध स्थल संकिसा जा रहे हैं। बौद्ध मान्यताओं के अनुसार, भगवान बुद्ध अपनी माता और देवताओं के साथ देवलोक से यहां उतरे थे। सम्राट अशोक ने भी यहां स्तंभ स्थापित कराया था। संकिसा और आसपास के क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ बातचीत की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर रिजिजू ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने से विपक्ष के नेता अपना संतुलन खो रहे हैं। भाजपा ने भी करीब 50 वर्ष विपक्ष में बिताए, लेकिन पार्टी ने अपना संतुलन नहीं खोया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने मेहनत के दम पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि खरगे और राहुल गांधी को अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। जनता के बीच काम करने से विश्वास मिलता है, न कि विदेश यात्राओं और कभी-कभार दिए जाने वाले विवादित बयानों से।

राहुल गांधी के रामलला के दर्शन करने और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर जाना किसी का भी अधिकार है, लेकिन इससे आम लोगों की जिंदगी और कारोबार प्रभावित नहीं होने चाहिए। विरोध के नाम पर तोड़फोड़ और हिंसा नहीं होनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद को पूरी तरह डिजिटल किए जाने की सराहना करते हुए रिजिजू ने कहा कि अब विधायक मोबाइल के माध्यम से सवालों के जवाब और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है।

उन्होंने अपने पुराने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि बचपन में दिल्ली से अरुणाचल प्रदेश या असम जाते समय सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश पार करने में तीन दिन लग जाते थे, जबकि अब बेहतर सड़कों के कारण एक ही दिन में पहुंचना संभव है।

अखिलेश यादव के वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के दावे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अखिलेश उनके व्यक्तिगत मित्र हैं, लेकिन राजनीति में प्रतिद्वंद्वी हैं। ऐसे में वह अपनी पार्टी की सरकार बनने की बात कहेंगे। हालांकि, जनता सब जानती है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का हित मजबूत भाजपा सरकार में सुरक्षित है। सपा-कांग्रेस का गठबंधन और उनके दावे प्रदेश के विकास की दिशा को प्रभावित नहीं कर पाएंगे।