विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Karwa Chauth 2026: चूड़ियों की खनक, रंग-बिरंगे करवे और पूजन सामग्री से सजा इटावा बाजार, 40 से 40 हजार में करवे

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:13 PM (IST)

करवा चौथ के लिए इटावा के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. इटावा के बाजारों में करवा चौथ की रौनक

  2. मिट्टी के करवे 40 रुपये से, चांदी के 1 लाख तक

  3. नवविवाहिताएं चांदी के करवे खरीदने में रुचि

जागरण संवाददाता, इटावा। चूड़ियों की खनक, रंग-बिरंगे करवे और पूजन सामग्री से सजे बाजार… करवा चौथ को लेकर शहर में पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ व्रत की तैयारियों में जुट गई हैं। बाजारों में कोई आकर्षक डिजाइन वाला मिट्टी का करवा पसंद कर रही है तो कोई पूजा की थाली, छलनी और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में व्यस्त है।

वहीं, सराफा की दुकानों पर चांदी के करवे भी सुहागिनों को आकर्षित कर रहे हैं। खासकर नई-नई शादी के बाद पहला करवा चौथ मनाने वाली दुल्हनों को चांदी के करवे खूब भा रहे हैं। बाजारों में महिलाओं की बढ़ती भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

शहर के पक्की सराय, बजाजा लाइन, सिंधी मार्केट और राजगंज सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ बढ़ रही है। वहीं, लाइनपार क्षेत्र के भरथना चौराहा और विजय नगर चौराहा स्थित बाजारों में भी रौनक दिखाई दे रही है। मिट्टी के रंगीन करवे का सेट 40 रुपये में उपलब्ध है, जबकि आकर्षक डिजाइन वाला करवा 60 रुपये में मिल रहा है।

नग जड़ित और सजावट वाला करवा 100 रुपये में बिक रहा है। इसके अलावा करवा, कैलेंडर, सींक, दीपक आदि पूजन सामग्री सहित सेट भी बाजार में उपलब्ध हैं। पूजा की थाली वाले सेट महिलाओं को खासा पसंद आ रहे हैं। नवविवाहिताएं अपनी पहली पूजा को खास बनाने के लिए डिजाइनदार करवे और आकर्षक थाली सेट चुन रही हैं।

करवा विक्रेता मोहन ने बताया कि बाजार में अलग-अलग रंगों और डिजाइन वाले करवे उपलब्ध हैं। महिलाएं अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। पूजा की थाली और अन्य सामग्री वाले सेट भी पसंद किए जा रहे हैं।

30 से 40 हजार रुपये के चांदी के करवे की ज्यादा मांग

मिट्टी के करवे के साथ सराफा बाजार में भी चांदी के करवे की मांग बढ़ रही है। सुनारों की दुकानों पर 50 ग्राम के चांदी के करवे करीब पांच हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। इनमें सबसे ज्यादा मांग 30 से 40 हजार रुपये की कीमत वाले करवे की बताई जा रही है। खासकर नवविवाहिताएं चांदी के करवे खरीदने में रुचि दिखा रही हैं।

बाजार में रौनक

तिकोनिया स्थित गहना ज्वेलर्स के मालिक पारस जैन ने बताया कि इस बार बाजार काफी अच्छा चल रहा है। चांदी के करवे में सबसे ज्यादा मांग 30 से 40 हजार रुपये की कीमत वाले करवे की है। त्योहार की रौनक बाजार में दिखाई दे रही है और ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।

पत्नियों के लिए उपहार खरीदने में जुटे पति

करवा चौथ पर बाजारों में केवल सुहागिन महिलाएं ही खरीदारी नहीं कर रही हैं, बल्कि पति भी अपनी पत्नियों को खास उपहार देने की तैयारी में जुट गए हैं। सराफा की दुकानों पर सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और लौंग जैसे आभूषण उपहार के लिए पसंद किए जा रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर साड़ी आदि भी पति करवा चौथ पर अपनी पत्नियों को उपहार में देने के लिए खरीद रहे हैं।


करवा चौथ पर चांदी का करवा खरीदना परंपरा और भावनाओं से जुड़ा है। खासकर नई दुल्हनों के लिए पहला करवा चौथ यादगार होता है। बाजार में अलग-अलग कीमतों और डिजाइन के करवे उपलब्ध होने से अपनी पसंद के अनुसार चुनाव करना आसान है।
डा. नताशा



करवा चौथ को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह रहता है। पूजा के लिए मिट्टी का रंगीन करवा और थाली खरीदने का अपना अलग आनंद है। बाजार में अलग-अलग डिजाइन के करवे मिलने से हम अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
गरिमा सिंह