UP Accident: यूपी के इटावा में दिल्ली के कंझावला जैसा मामला, वाहन में फंसकर आठ किमी तक घिसटता रहा किसान
यूपी के इटावा में मंगलवार को दिल्ली के कांझावाला जैसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान को टक्कर मारने के बाद वाहन उसे करीब 8 किमी तक घिसटता हुआ ले गया। जिससे तड़पकर उसकी मौत हो गई।
जसवंतनगर (इटावा), संसू। आगरा-कानपुर सिक्सलेन हाईवे पर सोमवार देर रात टक्कर मारकर भागे वाहन के साथ किसान का शव करीब आठ किमी तक घिसटता रहा। पुलिस ने पड़ताल की तो जसवंतनगर फ्लाईओवर पर जिस स्थान पर शव मिला वहां से आठ किमी दूर मीठेपुर फ्लाईओवर पर उसकी दुर्घटनाग्रस्त बाइक मिली।
शव के क्षत-विक्षत होने और इस आठ किमी की दूरी में सड़क पर जगह-जगह मिले खून के निशान की जांच के बाद सामने आया कि शव दुर्घटना करने वाले वाहन में फंसकर यहां तक पहुंचा है। धौलपुर खेड़ा निवासी जयराम सिंह बघेल का 32 वर्षीय पुत्र जयवीर सिंह बाइक से बहन के घर फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के कठफोरी गया हुआ था।
सोमवार देर रात करीब नौ बजे गांव लौट रहा था। अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। उसका शव वाहन में फंसकर करीब आठ किमी तक घिसटते हुए जसवंतनगर फ्लाईओवर तक पहुंच गया। फ्लाईओवर पर शव पड़े होने की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही थी तभी मीठेपुर फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक पड़ी होने की जानकारी हुई।