लालच में आकर गवां दिए सोने के आभूषण
संवाद सहयोगी सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम उझियानी में आई एक महिला ने गांव की महिलाओं से ल
संवाद सहयोगी, सैफई : थाना क्षेत्र के ग्राम उझियानी में आई एक महिला ने गांव की महिलाओं से लाखों का सामान एवं जेवरात ठग लिए।
महिलाओं ने बताया कि करीब एक माह पूर्व गांव में एक महिला आई जिसकी उम्र करीब 50 वर्ष थी। महिला ने गांव की महिलाओं को बताया कि वह गुजरात की है और मैनपुरी में एक कंपनी में काम करती है, जो कंपनी पुराने सामान को नया करके बेंचती है। अगर आप लोग अपने पुराने बर्तन देंगे तो उसके बदले में तीन दिन बाद नया बर्तन मिलेगा। महिलाओं ने उसे पुराने बर्तन दिये तो उसने तीन दिन बाद नये बर्तन दे दिये और इसे ही पुराने के बदले नये बर्तन देती रही जिससे महिलाओं को उस पर विश्वास हो गया।
एक दिन उसने महिलाओं से जेवरात मांगे और कहा यह जेवरात शाम को वापस कर देंगे और इनके बदले में आपको सामान और गिफ्ट दिया जाएगा। जब महिलाओं ने पूछा जेवरात का क्या करोगे तो उसने बताया कि कंपनी असली जेवरात को देखकर आर्टीफिशियल जेवरात बनाने का काम करती है आपके जेवरात देख कर वैसे ही आर्टीफिशियल जेवरात बनाएगी और आपको इसके बदले में जेवरात तो वापस मिलेंगे ही साथ-साथ नया सामान और कीमती गिफ्ट भी मिलेगा। लालच में आकर गांव की महिलाओं ने उसे अपने कीमती जेवरात दे दिए उस दिन से वो महिला दोबारा गांव नहीं आई। जिन महिलाओं के साथ ठगी हुई है उनके नाम सिन्धू, रामवती, लक्ष्मी, ओमवती, ¨चता देवी, निर्वला हैं। थानाध्यक्ष जीवाराम यादव ने बताया है कि प्रार्थना पत्र मिलते ही जांच कराकर टप्पे बाज महिला की तलाश की जाएगी।