दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर फरक्का एक्सप्रेस का इंजन फेल ,डेढ़ घंटे से अधिक भरथना स्टेशन पर खड़ी रही, यात्री परेशान
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर फरक्का एक्सप्रेस का इंजन भरथना स्टेशन पर फेल हो गया, जिससे ट्रेन डेढ़ घंटे से अधिक समय ...और पढ़ें
-1789465044188_m.webp)
जागरण संवाददाता, इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर बीती रात गाड़ी संख्या 15743 फरक्का एक्सप्रेस का इंजन फेल हो जाने से ट्रेन भरथना रेलवे स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। ट्रेन रात करीब 11:40 बजे प्लेटफार्म नंबर-4 की अप लूप लाइन पर खड़ी हुई थी।
इंजन में खराबी की जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने इकदिल रेलवे स्टेशन से दूसरे इंजन की व्यवस्था की। मालगाड़ी का इंजन मंगाकर उसे फरक्का एक्सप्रेस से जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन रात करीब 1:25 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। इंजन फेल होने के कारण यात्रियों को करीब एक घंटे 45 मिनट तक ट्रेन में इंतजार करना पड़ा।
इधर, लखनऊ में कानकोर्स निर्माण से कई ट्रेंनें पहले ही प्रभावित
लखनऊ स्टेशन पर चल रहे कानकोर्स निर्माण कार्य के कारण मंगलवार को कई ट्रेनों का संचालन लखनऊ की जगह कानपुर सेंट्रल और मानक नगर तक सीमित किया गया। कानपुर सेंट्रल से आने-जाने वाली ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या 64701 का संचालन 15 सितंबर को कानपुर सेंट्रल तक ही होगा। इसी तरह 64702 लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी ट्रेन लखनऊ की जगह कानपुर सेंट्रल से चलेगी।
कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है। 64212 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ और 64214 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मंगलवार को मानक नगर स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट रहेगी। 64203 लखनऊ-कानपुर सेंट्रल मंगलवार और बुधवार को लखनऊ की जगह मानक नगर से चलेगी।
ये ट्रेनें चलेंगी मार्ग बदलकर
12555 गोरखपुर-भटिंडा, 12595 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल, 15065 गोरखपुर-पनवेल को मंगलवार को बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर होकर चलाया जाएगा। इसके अलावा 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस और 12597 गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मंगलवार को इसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित होंगी।
