इटावा में पक्का बाग सड़क बनेगी फोरलेन, लोगों को गड्ढों और जलभराव से मिलेगी राहत
इटावा के पुराना कालपी सर्कुलर रोड पर जलभराव और गड्ढों की समस्या खत्म करने के लिए 900 मीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
पुराना कालपी सर्कुलर रोड को फोरलेन किया जाएगा।
करीब 900 मीटर सड़क पर जलभराव की समस्या खत्म होगी।
एक करोड़ की लागत से सड़क चौड़ी होकर यातायात सुगम होगा।
जागरण संवाददाता, इटावा। शहर के पुराना कालपी सर्कुलर रोड पर हल्की बरसात में जलभराव और बार-बार उखड़ने वाली सड़क की समस्या जल्द खत्म होने की उम्मीद है।
पक्का बाग तिराहे से हाईवे ओवरब्रिज की सर्विस रोड तक करीब 900 मीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की चौड़ाई मौजूदा 10 मीटर से बढ़ाकर करीब 17.50 मीटर की जाएगी। इस सड़क का सबसे अधिक परेशानी वाला करीब 200 मीटर हिस्सा मारुति एजेंसी शोरूम के सामने है।
यहां हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है। जलभराव के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त होती है और गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
सड़क के बीच बनेगा डिवाइडर
इस समस्या से स्थायी निजात के लिए करीब 200 मीटर हिस्से को आरसीसी से बनाया जाएगा। फोरलेन सड़क में दोनों तरफ करीब 8.75-8.75 मीटर चौड़ाई रखी जाएगी।
सड़क के बीच करीब चार फुट का डिवाइडर बनाया जाएगा। इसमें पौधे लगाने के साथ सड़क की सुंदरता बढ़ाने के लिए लाइटें भी लगाई जाएंगी। सड़क चौड़ी होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
