क्या होती है बेहद मुश्किल 'आयरनमैन' प्रतियोगिता? जिसमें यूपी के अनिल यदुवंशी ने पाया दूसरा स्थान
इटावा के शांति कॉलोनी निवासी अनिल यदुवंशी ने इटली के सर्विया में आयोजित आयरनमैन एमिलिया-रोमाग्ना प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी की।

अनिल यदुवंशी
HighLights
अनिल यदुवंशी ने इटली में आयरनमैन प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी की।
उन्होंने 13 घंटे 21 मिनट में कठिन ट्रायथलान पूरा कर दिखाया।
वह प्रतियोगिता में दूसरे सबसे तेज भारतीय एथलीट रहे।
जागरण संवाददाता, इटावा। हैदराबाद में रह रहे शहर के शांति कॉलोनी निवासी अनिल यदुवंशी ने इटली के सर्विया में आयोजित आयरनमैन एमिलिया-रोमाग्ना प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी कर जनपद का नाम रोशन किया।
आयरनमैन एक बेहद कठिन ट्रायथलान प्रतियोगिता है, जिसमें प्रतिभागियों को लगातार तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ पूरी करनी होती है। उन्होंने इस पूरी प्रतियोगिता को 13 घंटे 21 मिनट 54 सेकंड में पूरा किया। इस प्रदर्शन के साथ वह प्रतियोगिता में दूसरे सबसे तेज भारतीय एथलीट रहे।
आयरनमैन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कुल 226.2 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है। इसमें 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर दौड़ शामिल है। यानी प्रतिभागी पहले तैराकी करते हैं, फिर साइकिल चलाते हैं और अंत में मैराथन दौड़ पूरी करते हैं।
इतनी लंबी और चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और अनुशासन भी जरूरी होता है।
अनिल यदुवंशी ने इस चुनौती के लिए करीब 10 महीने तक लगातार प्रशिक्षण लिया। उन्होंने अपने पेशेवर जीवन के साथ तैराकी, साइकिलिंग, रनिंग और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को संतुलित करते हुए तैयारी की।
अनिल अपनी इस सफलता का श्रेय कोच रणजीत और डॉ. विग्नान के साथ जीएसए पूल के हेड कोच आयुष यादव काे दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी डॉ. प्राची यादव, जो फिजियोथेरेपिस्ट और पिलाटेस प्रशिक्षक हैं। उनकी इस उपलब्ध पर परिवार में खुशी का माहौल है।
