विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया की बेटी ने भारत का नाम किया रोशन, बर्लिन फुल मैराथन में जीता ब्रॉन्ज मेडल 

Published: Mon, 05 Oct 2026 03:16 PM (IST)

अन्विता वर्मा ने जर्मनी के बर्लिन में आयोजित बीएमडब्ल्यू बर्लिन फुल मैराथन में कांस्य पदक जीतकर बलिया जिले और देश का नाम रोशन किया है।

जर्मनी के बर्लिन में कांस्य जीतने के बाद अन्विता वर्मा

जर्मनी के बर्लिन में कांस्य जीतने के बाद अन्विता वर्मा

HighLights

  1. अन्विता वर्मा ने बर्लिन फुल मैराथन में कांस्य पदक जीता।

  2. उन्होंने 42.2 किमी की दौड़ 3 घंटे 23 मिनट में पूरी की।

  3. महिला वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

जागरण संवाददाता, बलिया। नगर पंचायत नगरा के वार्ड नंबर तीन की बेटी अन्विता वर्मा ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित बीएमडब्ल्यू बर्लिन फुल मैराथन में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।

27 सितंबर को आयोजित 42.2 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय मैराथन में अन्विता ने तीन घंटे 23 मिनट में दौड़ पूरी कर महिला वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में करीब 60 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

लेखा सहायक के पद पर कार्यरत हैं अन्विता

अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में महिला वर्ग में तीसरा स्थान हासिल करना अन्विता की बड़ी उपलब्धि है। रविवार देर शाम नगरा पहुंचने पर स्वजन व क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया।

अन्विता वर्तमान में बिहार के पटना में विद्युत विभाग में लेखा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ वह नियमित रूप से दौड़ का अभ्यास करती हैं। इससे पहले भी वह कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं।

13 सितंबर को लद्दाख में आयोजित मैराथन के अलावा उन्होंने टाटा मुंबई मैराथन और कोलकाता फुल मैराथन में भी शानदार प्रदर्शन किया है। अन्विता की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शशिप्रकाश कुशवाहा, निर्भय प्रकाश, रामायण ठाकुर व डॉ.आरएस वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की।

यह भी पढ़ें- 'कोरोना' से लेकर 'पनौती' तक... यूपी के इन गांवों के अजीबोगरीब नाम सुनकर पकड़ लेंगे माथा, नहीं रोक पाएंगे हंसी