दौड़ते-दौड़ते थम गई सांसें, इटावा में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 25 साल के युवक की हार्ट अटैक से मौत
इटावा में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय आकाश की स्टेडियम में दौड़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ी और सीने में दर्द के बाद मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक आकाश की मौत।
इटावा स्टेडियम में दौड़ते समय सीने में दर्द से निधन।
युवाओं की फिटनेस और स्वास्थ्य पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, इटावा। खाकी पहनने का सपना लेकर रोज मैदान में पसीना बहाने वाले फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के यशोदा नगर निवासी 25 वर्षीय आकाश की शुक्रवार सुबह स्टेडियम में दौड़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सीने में तेज दर्द हुआ तो वह दौड़ छोड़कर मैदान में बैठ गया। साथी कुछ समझ पाते, इससे पहले हालत गंभीर हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन को भरोसा नहीं हुआ तो सांस चलने की आस में उसे सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत बताया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के यशोदानगर निवासी आकाश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह नियमित दौड़ और अभ्यास करता था। शुक्रवार सुबह भी साथियों के साथ महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचा था। दौड़ लगाते समय अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा। वह वहीं बैठ गया।
साथियों ने तत्काल उसे संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ईएमओ श्याम मोहन यादव ने
प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। नवयुवक बेटे की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, स्वजन ने पोस्टमार्टम कार्यवाही से मना करते हुए वह शव अपने साथ ले गए।
फिटनेस के जुनून के बीच सवाल छोड़ गई मौत
आकाश की अचानक मौत ने उन हजारों युवाओं को भी झकझोर दिया है, जो सरकारी नौकरियों की शारीरिक परीक्षा की तैयारी में रोज घंटों दौड़ लगाते हैं। सवाल यह है कि कम उम्र में युवाओं की धड़कन अचानक क्यों थम रही है? क्या केवल नियमित व्यायाम को ही पर्याप्त फिटनेस मान लेना ठीक है?
सीने में दर्द, सांस फूलना, चक्कर या असामान्य थकान जैसे संकेतों को युवा कहीं नजर अंदाज तो नहीं कर रहे? हालांकि आकाश की मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। घटना के बाद आकाश के साथ दौड़ने वाले साथी भी स्तब्ध हैं।
