इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई बाइक, चालक की मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चालक प्रवीण की मौत हो गई, जबकि उसका साथी आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बाइक हादसे में चालक की मौत।
दीग गांव के पास डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक।
झपकी आने से हुआ हादसा, साथी गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, कानपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार चालक की मौत हो गई। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 126 पर अनियंत्रित स्प्लेंडर बाइक लखनऊ से आगरा जाने वाले मार्ग पर दीग गांव के पास उस समय डिवाइडर से टकराई जब चालक को झपकी लग गई।
उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ क्षेत्र के ग्राम कलवारी मोहम्मदागंज निवासी प्रवीण (27) पुत्र डालचंद्र और उसका साथी आकाश (25) पुत्र मुन्नीलाल अपनी बाइक से दिल्ली जा रहे थे। प्रवीण बाइक चला रहा था जबकि आकाश पीछे बैठा था।
रात सवा आठ बजे, प्रवीण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 126 दीग के समीप पहुंचा, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बताया जाता है कि बाइक की रफ्तार लगभग 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी और इसी बीच चालक को झपकी लग गई।
हादसा इतना भीषण था कि प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, पीआरवी और थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत मृतक और घायल को एंबुलेंस से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के अस्पताल भेजा।
सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने क्षतिग्रस्त बाइक को मौके से हटाकर यातायात को सुचारू किया। प्रवीण की मौत सिर में चोट लगने से हुई है, जबकि उसके भाई लाल बहादुर ने बताया कि प्रवीण घर से हेलमेट पहनकर निकला था।
