इटावा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
इटावा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान ...और पढ़ें
-1794030494203_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
इटावा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी ली।
जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला, धमकी झूठी निकली।
जागरण संवाददाता, इटावा। रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार रात करीब 10 बजे अफरातफरी मच गई। डिप्टी स्टेशन मास्टर के वीएचएफ यानी वैरी हाई फ्रीक्वेंसी रेडियो सेट पर अज्ञात व्यक्ति ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर बम रखे होने की बात कही।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस अलर्ट हो गई। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी सिटी बबीता सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। श्वान दल और एंटी सबोटाज टीम ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी ली। जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला।
डिप्टी स्टेशन मास्टर अमन सिंह कौर के वीएचएफ सेट पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने प्लेटफार्म नंबर तीन पर बम रखे होने की बात कहते हुए स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी और एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस,आरपीएफ और जीआरपी की टीमें सक्रिय हुईं। श्वान दल और एंटी सबोटाज टीम ने प्लेटफॉर्म तीन समेत पूरे स्टेशन परिसर, यात्रियों के बैठने के स्थानों और अन्य संदिग्ध जगहों की जांच की। काफी देर तक चली तलाशी में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा ने बताया कि डिप्टी स्टेशन मास्टर की ड्यूटी के दौरान वीएचएफ सेट पर धमकी भरा फोन आया था। इसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर रात में ही विशेष टीमों से तलाशी कराई गई। बम होने की सूचना झूठी निकली। स्टेशन अधीक्षक अमन सिंह कौर की ओर से अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।