इटावा में पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर अंकित गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
बकेवर पुलिस ने निवाड़ी कला तिराहे के पास मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी को गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
बकेवर पुलिस ने मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी को पकड़ा।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार अपराधी से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक मिली।
जागरण संवाददाता, इटावा। बकेवर थाना पुलिस ने बुधवार देर रात निवाड़ी कला तिराहे के पास मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात बकेवर थाना पुलिस निवाड़ी कला तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अहेरीपुर की ओर से बाइक सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए अछल्दा की ओर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा करते हुए दूसरी मोबाइल टीम को सूचना दी। दोनों ओर से पुलिस टीम से घिरता देखकर आरोपित ने दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अंकित उर्फ फौजी पुत्र रामचंद्र निवासी ब्रह्मनगर, थाना कोतवाली, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसकी उम्र करीब 26 वर्ष है और वह कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर नंबर 293(ए) है। उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, हथियार अधिनियम समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़: दो वाहन चोर गिरफ्तार, एक को लगी गोली
